DTC Women Special Bus Route: दिल्ली में महिलाओं के लिए दौड़ेंगी 50 स्पेशल बसें, जानिए पूरा रूट प्लान

वैशाली

• 07:18 PM • 13 Jul 2026

Dtc Women Special Bus Route : दिल्ली सरकार महिलाओं और कॉलेज छात्राओं के लिए 50 नई महिला स्पेशल बसें शुरू करने जा रही है. इन बसों में पैनिक बटन, सीसीटीवी और बेहतर सुरक्षा इंतजाम होंगे. आधी बसें कॉलेज रूटों पर जबकि बाकी बाहरी दिल्ली में चलेंगी.

दिल्ली की महिलाओं को मिला सरकार का बड़ा तोहफा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
दिल्ली की महिलाओं को मिला सरकार का बड़ा तोहफा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Google CTA

Dtc Women Special Bus Route List: दिल्ली की महिलाओं और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के सफर को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए दिल्ली सरकार एक बेहद शानदार योजना लेकर आई है. यदि आप भी बसों में अत्यधिक भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अक्सर चिंतित रहती थीं, तो आपके लिए राहत भरी खबर है. राजधानी की सड़कों पर बहुत जल्द 50 नई महिला स्पेशल बसें परिचालन के लिए उतरने जा रही हैं.

Read more!

सरकार की इस पूरी योजना को प्रधानमंत्री ई-ड्राइव स्कीम के तहत अमलीजामा पहनाया जा रहा है. परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे रूट और बस संचालन प्लान को दो मुख्य हिस्सों में विभाजित किया गया है:

25 'यू-स्पेशल' बसें (यूनिवर्सिटी और कॉलेज छात्राओं के लिए): इनमें से 25 बसों को विशेष रूप से कॉलेज और यूनिवर्सिटी जाने वाली छात्राओं के लिए रिजर्व रखा जाएगा, ताकि उन्हें अपनी पढ़ाई के लिए घर से शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में भीड़ का सामना न करना पड़े.

25 बसें बाहरी दिल्ली के लिए: बची हुई 25 बसें बाहरी दिल्ली के उन ग्रामीण और दूरदराज वाले इलाकों में चलाई जाएंगी, जहां वर्तमान में परिवहन कनेक्टिविटी बेहद कम है और महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.

पैनिक बटन और सीसीटीवी से होगी सख्त निगरानी

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन बसों में केवल महिला यात्रियों को ही सफर करने की अनुमति होगी. हालांकि, दिल्ली में महिला स्पेशल बसें पहले भी संचालित की जाती थीं, लेकिन इस बार इन्हें पूरी तरह व्यवस्थित रूप दिया जा रहा है. महिलाओं की मुस्तैद सुरक्षा के लिए इन नई बसों में पैनिक बटन और सीसीटीवी कैमरे जैसी आधुनिक तकनीकों को फिट किया गया है. इसके अलावा, सरकार इस समय सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड और पिंक टिकट के डेटा का गहन अध्ययन भी कर रही है, जिससे यह सटीक पता लगाया जा सके कि किन कॉरिडोर और रूटों पर महिला यात्रियों का दबाव सबसे ज्यादा रहता है, ताकि मांग के अनुसार बसों की तैनाती हो सके.

साल 2029 का मेगा ट्रांसपोर्ट प्लान

आपको बता दें कि इसी महीने की शुरुआत में दिल्ली सरकार के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें जोड़ी गई हैं, जिससे अब कुल बसों की संख्या बढ़कर 6,600 के पार पहुँच चुकी है. सरकार का आगामी लक्ष्य साल 2028-29 तक दिल्ली में 14,000 आधुनिक बसों का एक विशाल बेड़ा तैयार करने का है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि ये सभी बसें वातानुकूलित (AC) और लो-फ्लोर श्रेणी की हैं, जिनमें दिव्यांग जनों की सहूलियत और सुरक्षित सफर का पूरा इंतजाम किया गया है.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में समर्सिबल चलाने वालों की बढ़ेगी मुश्किल! सरकार बदलने जा रही है पूराना नियम