Delhi EV Buses: दिल्ली की सड़कों पर उतरीं 300 नई इलेक्ट्रिक बसें, जानें क्या है सरकार का महाप्लान

सुशांत मेहरा

• 11:37 AM • 08 Jul 2026

Delhi EV Buses: दिल्ली सरकार ने राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और प्रदूषण कम करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 300 नई इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर उतार दिया है. सरकार का लक्ष्य 2027 तक 7,000 और 2028 तक कुल 14,000 नई बसें शामिल करना है. जानिए सरकार की पूरी योजना.

Delhi Electric Buses
Delhi Electric Buses
Google CTA

दिल्ली की जनता को सार्वजनिक परिवहन की समस्याओं से निजात दिलाने और राजधानी की हवा को प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है. दिल्ली की सड़कों पर 300 नई इलेक्ट्रिक (EV) बसों को उतार दिया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा इस भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया, जिसके बाद दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने सरकार के आगामी रोडमैप को लेकर बड़ी बातें साझा की हैं. इस कदम से दिल्ली के पर्यावरण और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में एक बड़ा सुधार देखने को मिलने की उम्मीद है.

Read more!

2028 तक 14 हजार नई बसें लाने का लक्ष्य

परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली की जनता को परिवहन की किसी भी समस्या से बचाना है. केंद्रीय गृह मंत्री के बयान का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि साल 2027 तक दिल्ली में 7,000 और साल 2028 तक कुल 14,000 नई बसें लाने का बड़ा दारोमदार उनके मंत्रालय पर है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाएगा. अभी सड़कों पर उतरीं 300 नई बसों के साथ ही दिल्ली में ऑटोमेटिक सेंटर्स का भी उद्घाटन किया गया है, जो इस पूरे सिस्टम को मजबूती प्रदान करेंगे.

कच्ची कॉलोनियों और आखिरी गांवों तक पहुंचेगी बस

इन नई 300 इलेक्ट्रिक बसों के रूट और आवंटन को लेकर परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया है कि जहां भी दिल्ली की जनता को बसों और स्पेस की कमी महसूस हो रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर इन बसों को भेजा जाएगा. सरकार की मुख्य योजना दिल्ली की हर एक आखिरी कच्ची कॉलोनी और आखिरी गांव तक डीटीसी (DTC) की बस सेवा पहुंचाने की है, ताकि हर वर्ग के नागरिक को इसका सीधा लाभ मिल सके. इसके साथ ही सरकार बसों की संख्या बढ़ाकर डीटीसी के राजस्व (Revenue) स्रोतों को भी मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है.

प्रदूषण से निपटने में मददगार बनेगी ईवी पॉलिसी

दिल्ली में बढ़ता प्रदूषण हमेशा से एक गंभीर चिंता का विषय रहा है, ऐसे में पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए इन 300 नई इलेक्ट्रिक बसों की एंट्री को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. परिवहन मंत्री ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार की ईवी पॉलिसी के तहत इसके इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढांचे) से किसी भी तरह का कोई समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि पॉलिसी लागू होने के बाद से दिल्ली की जनता का रुझान ईवी गाड़ियों की तरफ तेजी से बढ़ा है और लोग लगातार रिकॉर्ड स्तर पर इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीद रहे हैं और इस्तेमाल कर रहे हैं.

यहां देखें वीडियो