दिल्ली के गोविंदपुरी में डबल मर्डर से सनसनी, घर में घुसकर मां-बेटे की चाकू मारकर हत्या; कैश और जेवर गायब

दिल्ली के गोविंदपुरी में बुधवार देर रात एक घर में घुसकर मां-बेटे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में मामला लूटपाट के बाद मर्डर का लग रहा है, क्योंकि घर से कैश और गहने गायब हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है.

Delhi double murder
Delhi double murder

आशुतोष कुमार

follow google news

देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां गोविंदपुरी इलाके में बदमाशों ने एक घर के अंदर घुसकर मां और उसके 14 साल के बेटे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस डबल हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

Read more!

सब्जी कारोबारी का है परिवार

यह दर्दनाक घटना गोविंदपुरी थाना क्षेत्र की गली नंबर 10 की है. मृतकों की पहचान 40 वर्षीय शारदा और उनके 14 वर्षीय बेटे खुशहाल के रूप में हुई है. यह परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला है. शारदा के पति दिल्ली में ही सब्जी बेचने का काम करते हैं.

घर लौटे पति ने देखी लाशें

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे की है. वारदात के वक्त शारदा के पति घर पर मौजूद नहीं थे. जब वह अपना काम खत्म करके देर रात घर लौटे तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के अंदर पत्नी और बेटे के खून से लथपथ शव पड़े थे. उन्होंने तुरंत इस बात की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी.

लूटपाट की नीयत से मर्डर का शक

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि यह मामला डकैती या लूट के विरोध से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि घर से भारी मात्रा में कैश (नकदी) और सोने-चांदी के जेवर गायब हैं. फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके. पुलिस मामले की हर एंगल से तफ्तीश कर रही है.

    follow google news