दिल्ली में बढ़ गए H1N1 केस, 1777 मामले हुए दर्ज, जेपी नड्डा ने बुलाई बड़ी बैठक

सुशांत मेहरा

21 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 21 2026 1:32 PM)

Delhi H1N1 Cases: दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. बीते कल 114 नए मामले सामने आने के बाद राजधानी में कुल H1N1 केस की संख्या 1777 हो गई है. बढ़ते मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आज दोपहर 1:30 बजे अहम बैठक बुलाई है, जिसमें दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो सकते हैं.

Delhi H1N1 Cases
Delhi H1N1 Cases
Google CTA

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बदलते मौसम के बीच H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ने लगे है. मिली जानकारी के मुताबिक बीते कल ही कुल 114 मामले सामने आए है, जिसके बाद दिल्ली में H1N1 के कुल 1777 मामले दर्ज हो चुके है. वहीं लगातार बढ़ते मामले के बीच और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सरकार भी एक्शन में आ गई है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक बड़ी बैठक बुलाई है, जिसमें दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की बात कही जा रही है. यह बैठक आज लगभग 1:30 बजे होगी.

Read more!

सरकारी अस्पताल के डॉक्टर भी हुए शिकार

स्वाइन फ्लू के लगातार बढ़ते मामले के बीच बीते कल यानी गुरुवार को भी दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने MCD के स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों के साथ एक बैठक कर स्थिति का जायजा लिया था. बैठक ने तैयारियों को पुख्ता करने, निगरानी बढ़ाने और जरूरी हेल्थ प्रोटोकॉल लागू करने के निर्देश दिए गए थे.

वहीं दिल्ली के एक सरकारी अस्पताल के डॉक्टर सहित कई लोग भी H1N1 के शिकार हो गए है. डॉक्टर के मुताबिक कुछ मरीजों में फ्लू जैसे बीमारी के लक्षण दिखाई दे रहे है तो कुछ मरीजों में ऑक्सीजन लेवल गिरने की समस्या भी देखी जा रही है, जो कि चिंता बढ़ा सकती है.

H1N1 के क्या है लक्षण?

H1N1 के कारण अचानक किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सूखी खांसी, शरीर में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, ठंड लगना और थकान जैसे लक्षण हो सकते हैं. वहीं कुछ मामलों में तो मरीजों को सांस लेने में तकलीफ और ऑक्सीजन लेवल में भी कमी देखी जा सकती है. अगर इस बदलते मौसम में सांस फूलना, सीने में दर्द, लगातार तेज बुखार रहना, होंठो का नीला पड़ना या ऐसे लक्षण दिखाई तो उन्हें तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.

ऐसे खुद को रखें सुरक्षित!

लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि, लोगों को अपने हाथों को साफ रखना चाहिए. जब भी आपको छींक या खांसी आए तो अपने मुंह को ढंक लें, अगर आप बीमार है तो लोगों से दूरी बनाएं रखें. साथ ही अगर आपको किसी भी तरह का लक्षण दिखता है तो घर पर ही रहें और स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टर की सलाह लें. हालांकि बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने लोगों से नहीं घबराने की अपील की है.