देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. यहां एक मकान में अचानक AC फटने से भीषण आग लग गई. इस हादसे में घायल हुए देश के जाने-माने रिटायर्ड आईएएस (IAS) अधिकारी धनेंद्र कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, उनके बेटे गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ADVERTISEMENT
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
जानकारी के अनुसार, दिल्ली फायर ब्रिगेड को रात करीब 11:24 बजे हौज खास एन्क्लेव के एक घर में आग लगने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और वॉटर बाउजर तुरंत मौके पर पहुंचे. आग इतनी तेजी से फैली कि उसने तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया. काफी मशक्कत के बाद रात करीब 12:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका.
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों और पीसीआर वैन की मदद से घायलों को तुरंत एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया. डॉक्टरों के मुताबिक, आग के धुएं के कारण दम घुटने से 80 वर्षीय धनेंद्र कुमार ने दम तोड़ दिया.
कौन थे धनेंद्र कुमार?
धनेंद्र कुमार हरियाणा कैडर के 1968 बैच के बेहद प्रतिष्ठित आईएएस अधिकारी थे. प्रशासनिक सेवाओं में उनका करियर बेहद शानदार रहा. वह वर्ल्ड बैंक (World Bank) में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल चुके थे. इसके अलावा, वह कॉम्पिटीशन कमीशन ऑफ इंडिया (CCI) के पहले चेयरमैन भी थे. बता दें कि सीसीआई (CCI) भारत सरकार की वह संस्था है जो बाजार में निष्पक्षता बनाए रखने और कंपनियों के एकाधिकार को रोकने का काम करती है.
पुलिस जांच में क्या आया सामने?
हादसे के वक्त घर के अंदर परिवार के सदस्यों और स्टाफ को मिलाकर कुल पांच लोग मौजूद थे. दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम ने मौके का मुआयना किया है. शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि घर के अंदर लगे एसी (AC) की इनडोर यूनिट में जोरदार धमाका हुआ था, जिसके बाद यह आग फैली.
पुलिस फिलहाल घर के सभी बिजली उपकरणों की जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर इसमें किसी भी तरह की साजिश या गड़बड़ी का अंदेशा नहीं है, फिर भी मामले की पूरी बारीकी से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT


