दिल्ली के ITO इलाके में सोमवार शाम बड़ी लूट की वारदात से हड़कंप मच गया. स्कूटी सवार दो बदमाशों ने पिस्टल के बल पर एक ऑटो को रोका और उसमें सवार कारोबारी के स्टाफ से नोटों से भरा बैग छीन लिया. बैग में करीब एक करोड़ रुपये होने की बात सामने आई है.
ADVERTISEMENT
खास बात यह है कि ऑटो में करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी मौजूद थी. बदमाशों ने इसमें से करीब एक करोड़ रुपये अपने कब्जे में लिए और मौके से फरार हो गए.
ITO के पास ऑटो को बदमाशों ने घेरा
जानकारी के मुताबिक, एक नामी कारोबारी का स्टाफ सोमवार शाम करीब 3 करोड़ रुपये की नकदी लेकर ऑटो से जा रहा था. ऑटो ITO के पास आउटर रिंग रोड पर पहुंचा था. इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर दो बदमाश आए.
दोनों ने स्कूटी से ऑटो को ओवरटेक किया. इसके बाद रास्ता रोककर पिस्टल तान दी. बदमाशों ने ऑटो में मौजूद लोगों को धमकाया और नोटों से भरा एक बैग छीन लिया. वारदात इतनी तेजी से हुई कि ऑटो सवार लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही दोनों बदमाश स्कूटी से भाग निकले.
दरियागंज थाने में दर्ज हुई FIR
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. मंगलवार को दरियागंज थाने में FIR दर्ज की गई. पुलिस अब ITO और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बदमाश ऑटो का पीछा कर रहे थे या उन्हें पहले से नकदी के बारे में जानकारी थी.
करोड़ों की रकम की जानकारी किसे थी?
इस लूट में पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल रकम की जानकारी को लेकर है. कारोबारी का स्टाफ करीब 3 करोड़ रुपये लेकर सड़क से गुजर रहा था. ऐसे में पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम की जानकारी बदमाशों तक कैसे पहुंची.
पुलिस को शक है कि वारदात के पीछे किसी जानकार या अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका हो सकती है. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं. CCTV फुटेज और दूसरे सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
ADVERTISEMENT


