अगर आप दिल्ली के भीड़भाड़ वाले बाजारों में खरीदारी करने जा रहे हैं तो यह खबर आपके लिए एक बड़ी चेतावनी है. राजधानी के मशहूर जामा मस्जिद इलाके से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर आप अपनी सुरक्षा को लेकर और भी सतर्क हो जाएंगे. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक महिला जेबकतरी को रंगे हाथों चोरी करते हुए पकड़ा गया है.
ADVERTISEMENT
रात के अंधेरे और भीड़ का फायदा
दिल्ली का जामा मस्जिद इलाका अपने जायके और रौनक के लिए जाना जाता है, लेकिन इसी भीड़ का फायदा कुछ शातिर अपराधी भी उठाते हैं. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक युवती बड़ी ही चालाकी से दूसरी महिला के बैग से पर्स निकालने की कोशिश कर रही है. वह भीड़ में खुद को इस तरह घुला-मिला लेती है कि शिकार को भनक तक नहीं लगती.
कैमरे में कैद हुई 'लाइव चोरी'
गनीमत यह रही कि पास ही खड़ा एक युवक अपने मोबाइल कैमरे से वीडियो बना रहा था. जैसे ही उसने उस महिला को चोरी करते हुए देखा उसने शोर मचा दिया और उसे रंगे हाथों दबोच लिया. वीडियो में लड़का चिल्लाते हुए कह रहा है, "आंटी चोरी कर रही है, पूरी वीडियो बनी हुई है... जामा मस्जिद पे लाइव चोरी हो रही है." पकड़े जाने के बाद महिला खुद को निर्दोष बताने और भागने की कोशिश करती नजर आई.
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
इस वीडियो को 'घर का क्लेश' नाम के एक्स (ट्विटर) हैंडल से शेयर किया गया है, जिसके बाद यूजर्स दिल्ली पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. कई लोगों ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जामा मस्जिद और चांदनी चौक जैसे इलाकों में ऐसी घटनाएं अब आम हो गई हैं.
बाजारों में शॉपिंग करते समय अपने बैग को हमेशा सामने की तरफ रखें और कीमती सामान जैसे मोबाइल और वॉलेट के प्रति अतिरिक्त सतर्क रहें. याद रखें, भीड़भाड़ वाली जगहों पर आपकी सतर्कता ही आपके सामान की सबसे बड़ी सुरक्षा है.
ये भी पढ़ें: मोदी सरकार मध्य पूर्व में युद्ध से पैदा संकट को संभालने में रही विफल, भुगत रही जनता- केजरीवाल
ADVERTISEMENT


