Delhi Human Skeleton News: राजधानी दिल्ली के कालीबाड़ी मंदिर के पास उस वक्त भारी हड़कंप मच गया जब भारतीय जनता पार्टी के सफाई अभियान के दौरान एक बक्से से मानव कंकाल बरामद हुआ. बक्सा खोलते ही नर कंकाल दिखने से मौके पर मौजूद लोगों में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
ADVERTISEMENT
सफाई अभियान के दौरान सामने आया मामला
बीजेपी के सेवा संकल्प अभियान के तहत मंदिर परिसर और आसपास की झुग्गियों के पास स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान कूड़े और कबाड़ के सामान के बीच रखा एक बक्सा नीचे गिर गया. बक्से का ढक्कन हटते ही उसमें से मानव कंकाल दिखाई दिया. मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और नेताओं ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी.
कबाड़ी का दावा और स्कूल लैब से कनेक्शन
मामले में जिस व्यक्ति के पास से यह बक्सा मिला उसका नाम मोहम्मद शकील बताया जा रहा है. पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह करीब डेढ़ महीने पहले पास के एक सरकारी स्कूल से कबाड़ का सामान लेकर आया था. उसने दावा किया कि स्कूल प्रशासन ने लैब खाली करते समय यह पुराना सामान फेंकने के लिए दिया था जिसे उसने लाकर यहां रख दिया था.
पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर लिया है. बरामद हुआ नर कंकाल असली है या नकली, इसका खुलासा फॉरेंसिक और मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगा. पुलिस आसपास के इलाकों और संबंधित स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ कर मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है.
ADVERTISEMENT


