देश की राजधानी दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, कश्मीरी गेट ISBT के बाहर इन दिनों एक नया और हैरान करने वाला 'स्कैम' (Scam) पैर पसार रहा है. यहाँ आने-जाने वाले यात्रियों, खासकर बाहरी पर्यटकों को निशाना बनाकर जबरन वसूली की जा रही है. सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने दिल्ली की कानून व्यवस्था और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कश्मीरी गेट बस अड्डे के बाहर ऑटो स्टैंड के पास कुछ महिलाओं का समूह सक्रिय है. ये महिलाएं बस से उतरने वाले यात्रियों को अचानक घेर लेती हैं. यात्री की बिना मर्जी के उसकी शर्ट पर जबरन 'तिरंगा' (Indian Flag) पिन कर दिया जाता है और फिर इसके बदले मोटी रकम की डिमांड की जाती है.
वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक यात्री को ये महिलाएं चारों तरफ से घेर लेती हैं और उससे पैसे छीनने की कोशिश करती हैं. जब यात्री विरोध करता है, तो ये महिलाएं उस पर दबाव बनाने लगती हैं.
जब एक जागरूक नागरिक ने महिलाओं को घेरा
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य शख्स ने जब यह मंजर देखा, तो उसने तुरंत अपना मोबाइल कैमरा ऑन कर लिया. वीडियो बनाने वाले शख्स ने उन महिलाओं को कड़ी फटकार लगाई और यात्री के पैसे वापस करवाए. बहस के दौरान महिलाएं 'बच्चों के लिए दान' का बहाना बनाती दिखीं, लेकिन उनकी हरकतें किसी लूट से कम नहीं लग रही थीं. अंत में दबाव बढ़ने पर उन्होंने यात्री के पैसे वापस किए और वहां से भाग निकलीं.
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
- जैसे ही यह वीडियो एक्स (ट्विटर) पर पोस्ट हुआ, दिल्लीवालों ने अपने कड़वे अनुभव साझा करने शुरू कर दिए.
- एक यूजर ने लिखा, "आनंद विहार बस अड्डे पर भी यही हाल है, बाहर के लोगों को देखते ही ये गैंग पीछे पड़ जाता है."
- दूसरे यूजर ने बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भी इसी तरह झंडा लगाकर वसूली की जा रही है.
- कई लोगों ने दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए इन महिलाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
यह पहली बार नहीं है जब दिल्ली के प्रमुख बस अड्डों या स्टेशनों पर इस तरह की अवैध वसूली की शिकायतें आई हों. कश्मीरी गेट जैसे संवेदनशील इलाके में, जहाँ पुलिस की भारी मौजूदगी का दावा किया जाता है, वहां सरेआम इस तरह की 'लूट' होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है. फिलहाल वीडियो वायरल होने के बाद अब देखना होगा कि पुलिस इस गिरोह पर क्या एक्शन लेती है.
ये भी पढ़ें: क्या वाकई AAP छोड़ रहे हैं राघव चड्ढा? संजय सिंह ने दे दिया सीधा जवाब, अटकलों पर लगा विराम!
ADVERTISEMENT


