'मैंने और पत्नी ने गुस्से में...माफी मांगता हूं'...दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट की लड़कियों से बदसलूकी करने वाले कपल की सफाई, कैमरे पर बताई उस दिन कि इनसाइड स्टोरी

राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर में नॉर्थ ईस्ट की महिलाओं पर नस्लभेदी टिप्पणी का मामला गरमाया हुआ है. अब आरोपी हर्ष ने सामने आकर अपनी सफाई दी है और बताया है कि वीडियो में केवल एक तरफा सच्चाई दिखाई गई है. जानिए इस विवाद की पूरी इनसाइड स्टोरी.

Delhi Malviya Nagar Video video
Delhi Malviya Nagar Video video

आशुतोष कुमार

follow google news

Malviya Nagar Video video: दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से हाल ही में एक कथित नस्लभेदी टिप्पणी का मामला सामने आया. यहां रहने वाले हर्ष और उनकी पत्नी का अपने फ्लैट के ऊपर रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की कुछ महिलाओं से तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में कपल महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक और नस्लभेदी टिप्पणी करते हुए दिखाई दे रहा है. अब मामले पर कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने आरोपी कपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

Read more!

वहीं इस बीच आरोपी हर्ष ने हमारे सहयोगी आज तक से बात की है. इसमें आरोपी ने कहा कि इस पूरे मामले को एक तरफा बढ़ा चढ़ा कर दिखाया जा रहा है जबकि ऐसा नहीं है. उन्होंन कहा कि कुछ बातें गुस्से मैंने और मेरी पत्नी ने कही थी जो कि गलत है. उसके लिए मैं माफी मांगता हूं. सोशल मीडिया में मेरे खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है. मीडिया ट्रायल हो रहा है लेकिन मुझे अपने देश की पुलिस और न्यायपालिका पर भरोसा है.

आखिर विवाद शुरू कहां से हुआ

हर्ष के मुताबिक यह पूरी घटना दोपहर करीब 2:40 बजे शुरू हुई. वह अपने घर पर लंच कर रहे थे, तभी उन्हें अपने एसी (AC) पर भारी पत्थर गिरने की आवाज सुनाई दी. जब उन्होंने नीचे जाकर देखा, तो वहां एक डिलीवरी बॉय खड़ा था जिसने बताया कि ऊपर से मोटे पत्थर और कंक्रीट गिर रहे हैं. हर्ष का कहना है कि उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से ऊपर की मंजिल पर रहने वालों को टोकना शुरू किया, जिसके बाद बहस शुरू हो गई.

पत्थरबाजी या महज धूल मिट्टी

आरोपी का दावा है कि सोशल मीडिया पर इसे मामूली धूल का मामला बताया जा रहा है, लेकिन हकीकत में ऊपर से बड़े पत्थर गिरे थे. उन्होंने बताया कि जब वह नीचे से चिल्लाए, तो एक व्यक्ति ने खिड़की से झाँका. हर्ष ने उससे पूछा कि वह इस तरह पत्थर क्यों फेंक रहा है, जिससे किसी को चोट लग सकती है. इसी बीच वहां नॉर्थ ईस्ट की एक महिला आई और मामला शांत होने के बजाय गाली-गलौज तक पहुँच गया.

पत्नी के साथ बदसलूकी का आरोप

हर्ष ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत ठीक नहीं रहती और उनका शरीर का एक हिस्सा सही से काम नहीं करता. जब विवाद बढ़ा, तो उनकी पत्नी ने बचाव में उन्हें घर के अंदर बंद कर दिया और खुद बाहर चली गई. हर्ष का आरोप है कि दूसरी तरफ से भी बेहद आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया. उनका दावा है कि उनकी पत्नी को अपशब्द कहे गए और उनके हुलिए का मजाक उड़ाया गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने भी पलटकर जवाब दिया.

वायरल वीडियो को बताया एकतरफा

सोशल मीडिया पर चल रहे 4 मिनट के वीडियो पर हर्ष का कहना है कि यह केवल उनके रिएक्शन का हिस्सा है. उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं ने अपना पक्ष और अपनी गालियां वीडियो से हटा दी हैं. हर्ष के अनुसार, यह विवाद करीब 30 से 40 मिनट तक चला था, लेकिन वीडियो को काट-छाँट कर ऐसा दिखाया गया जैसे सारा दोष उन्हीं का हो. उन्होंने यह भी बताया कि वह खुद पहले भी नॉर्थ ईस्ट के लोगों की मदद कर चुके हैं और वह किसी भी तरह के भेदभाव में यकीन नहीं रखते.

पुलिस जांच और सोशल मीडिया ट्रायल

इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद हर्ष का कहना है कि वह पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं. उन्होंने नाराजगी जताई कि सोशल मीडिया पर उनका 'मीडिया ट्रायल' किया जा रहा है. उनके परिवार की निजी तस्वीरें और फोन नंबर वायरल किए जा रहे हैं, जिससे उनकी मानसिक स्थिति खराब हो गई है. हर्ष ने साफ किया कि वह किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं और उनकी पुरानी तस्वीरों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने अंत में माफी मांगते हुए कहा कि गुस्से में जो शब्द निकले वह गलत थे, लेकिन उन्हें देश की न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है.

यह भी पढ़ें: कांग्रेस सांसद का बड़ा दावा, AI Summit प्रोटेस्ट मामले में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब हुए गिरफ्तार, जानें कौन हैं ये

    follow google news