Yamunapar Anti Encroachment Driveअगर आप उत्तर पूर्वी दिल्ली यानी यमुनापार के इलाके में रहते हैं तो सड़कों पर बढ़ता अवैध कब्जा, फुटपाथों का गायब होना और हर मिनट रेंगती गाड़ियों का अंतहीन जाम आपके दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुका होगा. लेकिन अब इस बड़ी परेशानी से जनता को मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम (MCD) ने एक बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है. शाहदरा उत्तरी जोन में अब अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक बेहद सख्त और रणनीतिक अभियान शुरू होने जा रहा है, जिसके तहत हर वार्ड में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT
हर वार्ड के तीन बड़े हॉटस्पॉट पर रोज चलेगा बुलडोजर
इस नई योजना की सबसे खास बात यह है कि अब एमसीडी की कार्रवाई वन-टाइम यानी एक दिन की नहीं होगी, बल्कि यह लगातार चलने वाला एक्शन होगा. शाहदरा उत्तरी जोन के हर वार्ड से सबसे बड़े तीन हॉटस्पॉट (अतिक्रमण वाली जगहें) की पहचान की जा रही है. इन चिन्हित जगहों पर अब रोजाना बुलडोजर चलेगा और अवैध कब्जों को ढहाया जाएगा. अधिकारियों का मानना है कि जब एक ही जगह पर रोजाना डंडा चलेगा, तो कब्जा करने वालों में कानून का डर बैठेगा और वे दोबारा सड़क घेरने की हिम्मत नहीं करेंगे.
जनप्रतिनिधियों की मर्जी से तैयार हो रही है लिस्ट
अक्सर देखा जाता है कि एमसीडी की टीमें बंद कमरों में बैठकर योजनाएं बनाती हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है. शाहदरा उत्तरी जोन की उपायुक्त ममता यादव के मुताबिक, स्थानीय पार्षदों और विधायकों से उन जगहों की सूची मांगी गई है जहां तुरंत कार्रवाई की जरूरत है. स्थानीय नेताओं के सुझावों के आधार पर ही हॉटस्पॉट का चयन किया जा रहा है ताकि जमीनी हकीकत के मुताबिक सही एक्शन लिया जा सके.
यमुनापार के इन इलाके हैं एमसीडी के निशाने पर
नगर निगम ने इस महाअभियान के लिए जिन प्रमुख हॉटस्पॉट इलाकों पर अपनी पैनी नजर बनाई है, उनकी सूची भी सामने आ चुकी है. इन प्रमुख इलाकों में ब्रह्मपुरी रोड, यमुना विहार मुख्य मार्ग, भजनपुरा मार्केट, शाहदरा छोटा बाजार, घोंडा नगर, और नंदनगरी मुख्य मार्ग शामिल हैं. इसके अलावा मंडोली चुंगी से सेवाधाम रोड, जीटीबी अस्पताल के सामने का इलाका, मंडोली रोड अशोक नगर, गामड़ी रोड और खजूरी मुख्य मार्ग पर भी निगम का बुलडोजर गर्जने के लिए तैयार है.
राजनीति और वोट बैंक पर विधायक का बेबाक बयान
इस अभियान को लेकर शाहदरा के विधायक संजय गोयल ने बेहद बेबाक बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जब तक जनप्रतिनिधि अधिकारियों का साथ नहीं देंगे, तब तक कोई भी अभियान सफल नहीं हो सकता. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अक्सर जनप्रतिनिधि वोट बैंक की राजनीति के चलते अतिक्रमण करने वालों के साथ खड़े हो जाते हैं, जो कि पूरी तरह गलत है. चंद लोगों का फायदा देखकर नेता उन हजारों लोगों की परेशानी बढ़ा देते हैं जो रोज जाम के नरक से जूझते हैं. वहीं, यमुनापार यूनाइटेड आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने कहा कि अगर यह योजना ईमानदारी से जमीन पर लागू हुई, तो जनता को बहुत बड़ी राहत मिलेगी. शाहदरा उत्तरी जोन में सफलता मिलने के बाद इस डेली बुलडोजर फॉर्मूले को पूरी दिल्ली में लागू किया जाएगा.
ADVERTISEMENT


