दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन फिर बंद, जानिए किन स्टेशनों पर नहीं मिलेगी एंट्री

न्यूज तक डेस्क

• 10:09 AM • 23 Jul 2026

दिल्ली में CJP प्रदर्शन के चलते DMRC ने सुरक्षा कारणों से 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद रखे हैं. इन स्टेशनों पर यात्री न चढ़ सकेंगे और न उतर सकेंगे. राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर केवल इंटरचेंज सुविधा जारी है.

NewsTak
Google CTA

राजधानी दिल्ली में CJP के जंतर-मंतर पर जारी बड़े विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बड़ा कदम उठाया है. प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 16 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक यात्रियों के लिए बंद कर दिया है. इन स्टेशनों पर यात्रियों के एंट्री और एग्जिट पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है.

Read more!

इंटरचेंज की सुविधा रहेगी चालू

DMRC के अनुसार, भले ही स्टेशनों के गेट बंद कर दिए गए हैं, लेकिन कनेक्टिविटी बनाए रखने के लिए राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी. यानी यात्री ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर नहीं निकल पाएंगे और न ही बाहर से प्रवेश कर सकेंगे.

बंद रहने वाले 16 मेट्रो स्टेशनों की पूरी सूची!

DMRC द्वारा जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम बंद कर दिए हैं.

लगातार दूसरे दिन यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें

सुरक्षा के सख्त इंतजामों के कारण लगातार दूसरे दिन आम जनता को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बीते दिन भी करीब आठ घंटे तक कई स्टेशन बंद रहे थे. ट्रेनों का संचालन जारी रहने के बावजूद बंद स्टेशनों पर ठहराव न होने से दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, छात्रों और दैनिक यात्रियों को अपने गंतव्य से आगे उतरना पड़ा. इसके बाद लोगों को कैब, ऑटो और बसों के सहारे गंतव्य तक पहुंचना पड़ा, जिससे स्टैंडों पर भारी भीड़ देखी गई.

ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी! समय से पहले निकलें घर से

जंतर-मंतर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग तैनात की गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से अपील की है कि वे बेहद जरूरी होने पर ही सड़कों पर निकलें. विशेष रूप से रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने और रियल-टाइम नेविगेशन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.