दिल्ली-NCR की सबसे बड़ी और व्यस्ततम लाइफलाइन दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नया अलर्ट जारी किया है. दिल्ली मेट्रो केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे एनसीआर के शहरों को आपस में जोड़ने वाला एक मजबूत नेटवर्क है, जिससे हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं. अपनी बेहतर सर्विस और सुरक्षा के लिए जानी जाने वाली दिल्ली मेट्रो ने सफर को और सुरक्षित तथा स्मूथ बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर को मेंटेन करने का फैसला लिया है. इसी कड़ी में ग्रीन और येलो लाइन के छह प्रमुख स्टेशनों पर एस्केलेटर (स्वचालित सीढ़ियां) की मेजर ओवरहॉलिंग यानी मरम्मत का काम शुरू किया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
इन 6 स्टेशनों पर एस्केलेटर रहेंगे प्रभावित
डीएमआरसी की ऑफिशियल एडवाइजरी के मुताबिक, सुरक्षा को बढ़ाने और सुचारू आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चुनिंदा स्टेशनों के एस्केलेटर्स पर मरम्मत का काम किया जा रहा है. इस वजह से यात्रियों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. ग्रीन लाइन के चार और येलो लाइन के दो स्टेशनों पर यह काम चल रहा है, जिनकी लोकेशंस इस प्रकार हैं:
ग्रीन लाइन (Green Line):
महाराजा सूरजमल स्टेडियम स्टेशन: यहां ग्राउंड से कॉनकोर्स लेवल का एस्केलेटर प्रभावित रहेगा.
पीरागढ़ी स्टेशन: यहां लोअर कॉनकोर्स से अपर कॉनकोर्स जाने वाला एस्केलेटर प्रभावित रहेगा.
उद्योग नगर स्टेशन: यहां ग्राउंड से कॉनकोर्स लेवल का एस्केलेटर प्रभावित रहेगा.
मुंडका स्टेशन: यहां कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म नंबर दो की तरफ जाने वाले एस्केलेटर का काम चलेगा.
येलो लाइन (Yellow Line):
इफ्को चौक (गुरुग्राम रूट): यहां कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म नंबर एक की तरफ जाने वाले एस्केलेटर पर मेंटेनेंस का काम चल रहा है.
एमजी रोड स्टेशन: यहां भी कॉनकोर्स से प्लेटफॉर्म नंबर एक जाने वाले एस्केलेटर पर मरम्मत का काम चलेगा.
यात्रियों के लिए DMRC की जरूरी सलाह
चूंकि इन चुनिंदा लोकेशंस पर मरम्मत कार्य के चलते एस्केलेटर अस्थाई रूप से बंद रह सकते हैं, इसलिए डीएमआरसी ने यात्रियों के लिए एक जरूरी सलाह और गाइडलाइन जारी की है. एडवाइजरी में विशेष रूप से कहा गया है कि इस अवधि के दौरान यात्रा करने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और भारी सामान लेकर चलने वाले लोग असुविधा से बचने के लिए स्टेशनों पर उपलब्ध लिफ्ट (Lift) का इस्तेमाल करें.
अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील
मेट्रो प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों से इस कार्य के दौरान सहयोग की अपील की है. अगर आप भी आने वाले दिनों में दिल्ली मेट्रो की ग्रीन या येलो लाइन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो अपने सफर के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें ताकि इन स्टेशनों पर होने वाली संभावित देरी से बचा जा सके और लिफ्ट जैसे विकल्पों का सुचारू रूप से उपयोग किया जा सके.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


