दिल्ली की लाइफलाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो (DMRC) अब अपने यात्रियों के अनुभव को और भी हाईटेक बनाने जा रही है. अगर आप अक्सर ब्लू लाइन या रेड लाइन पर सफर करते हैं, तो जल्द ही आपको अपनी पुरानी मेट्रो ट्रेनें बिल्कुल नए कलेवर में नजर आएंगी. डीएमआरसी अपनी पुरानी ट्रेनों को रिटायर करने के बजाय उन्हें 'मिड लाइफ रिफरबिशमेंट' प्रोग्राम के तहत नया जीवन दे रहा है.
ADVERTISEMENT
20 साल पुरानी ट्रेनें, अब हाईटेक सुविधाएं
दिल्ली मेट्रो के बेड़े में जो ट्रेनें 2002 से 2007 के बीच शामिल हुई थीं, उन्हें अब करीब 19 से 24 साल हो चुके हैं. डीएमआरसी इन ट्रेनों को कबाड़ में भेजने के बजाय उन्हें आधुनिक सुविधाओं से अपग्रेड कर रहा है. इन ट्रेनों में इंजन से लेकर लुक तक, सब कुछ रिबिल्ट किया जा रहा है.
यात्रियों को मिलेंगी ये खास सुविधाएं:
- चार्जिंग पॉइंट्स: यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए अब मेट्रो कोच के अंदर मोबाइल और लैपटॉप चार्जिंग पॉइंट्स लगाए जा रहे हैं.
- LCD डायनेमिक रूट मैप: अब पुरानी धुंधली आवाजों और पुराने मैप से छुटकारा मिलेगा. ट्रेनों में आधुनिक पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम और LCD वाली डायनेमिक रूट मैप स्क्रीन लगाई गई हैं, जो रियल टाइम जानकारी देंगी.
- नया लुक और इंटीरियर: घिसे हुए पेंट और पुरानी सीटों की जगह अब यात्रियों को चमचमाता इंटीरियर मिलेगा. ड्राइवर केबिन से लेकर पैसेंजर एरिया तक को नया जैसा बना दिया गया है.
- बेमिसाल सुरक्षा: सुरक्षा के लिए सभी कोचों में नए फायर डिटेक्शन सिस्टम लगाए गए हैं, ताकि किसी भी अनहोनी को समय रहते रोका जा सके.
70 ट्रेनों का होगा कायाकल्प
डीएमआरसी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विकास कुमार के अनुसार, कुल 70 ट्रेनों को अपडेट करने का प्लान है. अब तक 31 ट्रेनें पूरी तरह से रिफर्बिश होकर पटरी पर दौड़ रही हैं. तीसरे चरण में नवंबर 2027 तक ब्लू लाइन की 22 और ट्रेनों का कायाकल्प पूरा कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT


