दिल्ली मेट्रो के जनरल कोच में लड़की के साथ क्या हुआ? सोशल मीडिया पर बयां किया अपना खौफनाक अनुभव

वैशाली

• 05:01 PM • 15 Jul 2026

Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो के जनरल कोच में सफर करने के दौरान एक युवती ने अपने कथित असहज अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया. वीडियो में युवती ने दावा किया कि जनरल कोच में कुछ पुरुषों की लगातार घूरने वाली नजरों से वह असुरक्षित और असहज महसूस कर रही थीं. जानिए वायरल वीडियो की पूरी कहानी.

Delhi Metro Viral Video
Delhi Metro Viral Video
Google CTA

सोशल मीडिया पर अक्सर दिल्ली मेट्रो से जुड़े कई तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं, जो कई बार हमें यह सोचने पर मजबूर कर देते हैं कि क्या देश की राजधानी में महिलाएं मेट्रो के अंदर भी सुरक्षित हैं? इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक युवती का वीडियो बेहद तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में सुरभी नाम की एक सोशल मीडिया यूजर ने दिल्ली मेट्रो के जनरल कोच में सफर करने के दौरान अपने साथ हुए एक बेहद डरावने और असहज करने वाले अनुभव को साझा किया है. सुरभी के इस वीडियो के सामने आने के बाद तमाम सोशल मीडिया यूजर्स भी इस पर अपनी अलग-अलग राय रख रहे हैं.

Read more!

जल्दबाजी में जनरल कोच में चढ़ना पड़ा भारी

वायरल हो रहे इस वीडियो में सुरभी अपना कड़वा अनुभव साझा करते हुए बताती हैं कि वह एक दिन जल्दबाजी के चक्कर में महिला कोच में सवार होने की बजाय दिल्ली मेट्रो के जनरल कोच में चढ़ गईं. जनरल डिब्बे के अंदर का नजारा उनके लिए बेहद डराने वाला और हैरान करने वाला था. सुरभी ने बताया कि कोच के अंदर मौजूद पुरुषों की निगाहें लगातार उन्हें इस तरह से घूर रही थीं कि वह बेहद असहज (अनकंफर्टेबल) महसूस करने लगीं. उन्होंने कहा कि वहां मौजूद लोगों की नजरें उनके लिए बिल्कुल भी सामान्य नहीं थीं.

युवती ने बयां किया अपना खौफनाक अनुभव

मेट्रो से बाहर निकलने के बाद सुरभी ने स्टेशन पर ही अपना एक वीडियो रिकॉर्ड किया और अपना दर्द बयां किया. वीडियो में सुरभी कहती हैं कि बहुत दिनों के बाद उन्होंने महिला कोच की जगह जनरल कोच में ट्रैवल किया और उन्हें एक चीज अच्छी तरह से रियलाइज हो गई है. उन्होंने पुरुषों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि सामने वाले की उम्र क्या है, वहां 70 से 80 साल तक के बुजुर्ग अंकल भी आपको इस तरह से घूरते हैं जैसे उन्होंने कभी कोई लड़की ही न देखी हो.

सुरभी ने आगे कहा कि किसी को सामान्य तौर पर देखना अलग बात है, लेकिन वो लोग लगातार आपकी बॉडी को बहुत ही अजीब तरीके से घूरते रहते हैं. उन्होंने वीडियो के जरिए अपील करते हुए कहा कि प्लीज ऐसा मत किया करो, आप हमें इस तरह क्यों अनकंफर्टेबल करते हो?

सोशल मीडिया पर बंटी यूजर्स की राय

सुरभी का यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स के बीच एक नई बहस छिड़ गई है. इस वीडियो पर कमेंट करते हुए जहां कई लोग सुरभी की बात का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस वीडियो की प्रामाणिकता और सच्चाई पर भी संदेह जता रहे हैं. जानवी नाम की एक यूजर ने वीडियो पर सवाल उठाते हुए लिखा कि इन दिनों इंस्टाग्राम पर ऐसी कई फर्जी कहानियां (फेक स्टोरीज) खूब वायरल होती हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने युवती का साथ देते हुए लिखा कि यह बहुत गलत बात है और बुजुर्गों को इस उम्र में इस तरह की हरकतें नहीं करनी चाहिए. इसके अलावा एक यूजर ने इस तरह की हरकत करने वालों को बीमार मानसिकता का शिकार बताया.

मुंबई और दिल्ली मेट्रो की हुई तुलना

इस पूरे मामले पर कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने दिल्ली मेट्रो और मुंबई मेट्रो के माहौल की तुलना भी कर डाली. उस यूजर ने लिखा कि वह सुरभी की बात से पूरी तरह सहमत हैं, लेकिन मुंबई मेट्रो में चढ़ने वाले पुरुष कभी भी इस तरह की अजीब हरकतें नहीं करते हैं. यूजर ने आगे लिखा कि जो लोग भी महिलाओं को इस तरह से घूरते हैं, चाहे वह दिल्ली मेट्रो हो या फिर मुंबई मेट्रो, उन्हें अपनी इन हरकतों पर शर्म आनी चाहिए. इसके साथ ही कुछ यूजर्स ने युवती को यह सलाह भी दी कि उन्हें जल्दबाजी में जनरल कोच में नहीं चढ़ना चाहिए था, बल्कि दो मिनट का इंतजार करके महिला कोच में ही सफर करना चाहिए था.