दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी चेतावनी सामने आई है. मेट्रो में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर कीमती सामान उड़ाने वाले एक शातिर महिला गैंग का पर्दाफाश हुआ है. दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ और कश्मीरी गेट मेट्रो पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में 5 महिला चोरों को गिरफ्तार किया है, जो मेट्रो के महिला कोच और गेट पर धक्का-मुक्की के दौरान वारदातों को अंजाम देती थीं.
ADVERTISEMENT
कैसे काम करता था यह 'महिला सिंडिकेट'?
डीसीपी बी भारत रेड्डी के अनुसार, यह कोई साधारण चोर नहीं हैं, बल्कि एक संगठित क्राइम सिंडिकेट की तरह काम करती थीं. इनका काम करने का तरीका पुलिस को भी हैरान कर देने वाला है:
- टारगेट: भीड़भाड़ वाले मेट्रो स्टेशन और बेफिक्र यात्री.
- तरीका: मेट्रो में चढ़ते या उतरते वक्त जब धक्का-मुक्की होती, तब गैंग की एक महिला यात्री को बातों में उलझाती या धक्का देती, और दूसरी महिला बड़ी सफाई से सोने की चेन या कीमती सामान पार कर देती.
- रफूचक्कर: यात्री के कुछ समझने से पहले ही ये महिलाएं अगले स्टेशन पर उतरकर गायब हो जाती थीं.
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान
'पकड़ी गई पांचों महिलाएं दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके के फरीदपुर कैंप की रहने वाली हैं:
- लक्ष्मी (40 वर्ष): गैंग की मुख्य गाइड.
- श्रद्धा (30 वर्ष)
- सोनिया (28 वर्ष)
- नैना (26 वर्ष)
- प्रियंका (20 वर्ष)
पुलिस को शक है कि इतनी कम उम्र में इन महिलाओं का माइंडवॉश कर इन्हें अपराध की दुनिया में धकेला गया है.
पुलिस की अगली कार्रवाई
फिलहाल ये पांचों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं. पुलिस ने इनकी कस्टडी रिमांड मांगी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कितनी चोरियां की हैं. साथ ही, पुलिस उन लोगों की भी तलाश कर रही है जो इन महिलाओं से चोरी का सोना और सामान खरीदते थे.
यात्रियों के लिए सलाह
दिल्ली मेट्रो प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर के दौरान केवल मोबाइल में न खोए रहें. अपने आसपास के लोगों और अपने सामान का खास ख्याल रखें, खासकर मेट्रो में चढ़ते और उतरते समय.
ADVERTISEMENT


