दिल्ली मेट्रो अपनी रील और स्टंट के लिए अक्सर सुर्खियों में रहती है, लेकिन इस बार एक कपल के बीच हुई तीखी बहस ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. मेट्रो प्लेटफॉर्म पर हुई यह लड़ाई महज एक ट्रेन छूटने से शुरू हुई, लेकिन देखते ही देखते यह घर की जिम्मेदारियों और सैलरी तक जा पहुँची. अब इस वीडियो को लेकर इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है.
ADVERTISEMENT
मेट्रो छूटी तो निकला 'घर का क्लेश'
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक कपल मेट्रो पकड़ने के लिए दौड़ता है, लेकिन उनके पहुँचते ही दरवाजे बंद हो जाते हैं. ट्रेन छूटने का गुस्सा पत्नी ने पति पर उतारना शुरू कर दिया. बात सिर्फ मेट्रो तक नहीं रही, पत्नी ने चिल्लाते हुए अपनी निजी जिंदगी के राज खोल दिए. उसने कहा, "घर मैं चला रही हूँ, बच्चे मैं पाल रही हूँ और हर महीने 40 से 50 हजार रुपये कमाकर भी दे रही हूँ... तुम क्या कर रहे हो मुझे बस इतना बता दो."
पति का पलटवार
पत्नी के तीखे सवालों पर पति ने भी चुप्पी तोड़ी और कहा कि तुम हर जगह लड़ाई ही करती रहती हो, चाहे घर हो या बाहर. प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यात्री इस ड्रामे को देखकर दंग रह गए. किसी ने इस पूरी बहस को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब 'घर का क्लेश' नाम के हैंडल से एक्स (ट्विटर) पर वायरल हो रहा है.
स्क्रिप्टेड है या असली? सोशल मीडिया पर उठे सवाल
वीडियो के वायरल होते ही यूजर्स ने इसकी सत्यता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. कई लोगों का मानना है कि यह वीडियो असल नहीं बल्कि 'स्क्रिप्टेड' (Scripted) है. यूजर्स का तर्क है कि मेट्रो जैसे शोर-शराबे वाले प्लेटफॉर्म पर आवाज इतनी साफ (Clear) कैसे हो सकती है? कुछ यूजर्स ने इसे 'चीप मार्केटिंग' और 'प्रमोशनल स्टंट' करार दिया है. एक यूजर ने लिखा, "मार्केटिंग टीम को बधाई," वहीं दूसरे ने कहा, "वॉइस क्वालिटी इतनी अच्छी है कि यह फेक लग रहा है."
ADVERTISEMENT


