देश की राजधानी की लाइफलाइन कही जाने वाली दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) से एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. राजीव चौक और कनॉट प्लेस जैसे व्यस्त मेट्रो स्टेशनों के आसपास सक्रिय महिला चोरों के गिरोह का एक सदस्य उस वक्त भारी मुसीबत में फंस गया, जब यात्रियों ने उसे रंगे हाथों चोरी करते पकड़ लिया.
ADVERTISEMENT
भीड़ का फायदा उठाकर हाथ साफ करने की कोशिश
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे महिला चोरों का एक गिरोह मेट्रो की भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला यात्री के पर्स से कीमती सामान चुराने की कोशिश कर रहा था. लेकिन गिरोह की एक सदस्य की किस्मत खराब थी. मेट्रो के अंदर मौजूद एक सजग यात्री काफी देर से उनकी गतिविधियों को देख रहा था और चुपके से उनका वीडियो बना रहा था.
मुस्तैद यात्री ने फेल किया भागने का प्लान
वीडियो के अनुसार, जैसे ही महिला चोर ने सामान चुराया और मेट्रो स्टेशन आने पर बाहर भागने की कोशिश की, वहां मौजूद एक बुजुर्ग यात्री (अंकल) ने मुस्तैदी दिखाई. अंकल ने भागती हुई महिला को पकड़ लिया और उसे वापस मेट्रो कोच के अंदर खींच लिया. उन्होंने साफ़ तौर पर कहा, "मैंने तुम्हें बैग खोलते हुए देखा है, मैं बहुत देर से तुम्हारी वीडियो बना रहा था."
गुस्साई यात्री ने जड़े थप्पड़
जैसे ही महिला चोर को वापस कोच के अंदर लाया गया, जिस महिला के पर्स से सामान चुराने की कोशिश हुई थी, उन्होंने आपा खो दिया और आरोपी जेबकतरी पर थप्पड़ों की बौछार कर दी. कोच में मौजूद अन्य यात्रियों ने भी इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई.
सोशल मीडिया पर यात्रियों का गुस्सा
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दिल्ली मेट्रो में सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं:
- एक यूजर ने लिखा कि यह 4-5 लड़कियों और औरतों का एक गैंग है जो बाराखंभा, आर.के. आश्रम और झंडेवालान तक सक्रिय रहता है.
- अन्य यात्री ने दावा किया कि राजीव चौक इनका अड्डा है और अब ये छोटे बच्चों को भी साथ लेकर चलती हैं ताकि किसी को शक न हो.
- कई यूजर्स ने मुस्तैद बुजुर्ग यात्री की बहादुरी और 'डेयरिंग' की जमकर तारीफ की है.
मेट्रो प्रशासन और पुलिस के लिए यह वीडियो एक चेतावनी की तरह है कि कैसे भीड़भाड़ वाले रूटों पर जेबकतरों के गिरोह बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT


