दिल्ली मेट्रो में सीट को लेकर हुआ विवाद तो लड़की ने बुजुर्ग के साथ कर दी ये हरकत, वीडियो हुआ वायरल

Delhi Metro Viral Video: दिल्ली मेट्रो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सीट को लेकर हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया. वीडियो में एक युवती और बुजुर्ग यात्री के बीच बहस होती दिखाई दे रही है, जो कथित तौर पर थप्पड़ मारने की घटना तक पहुंच गई. जानिए दिल्ली मेट्रो वायरल वीडियो विवाद की पूरी कहानी और लोगों की प्रतिक्रियाएं.

Delhi Metro Viral Video
Delhi Metro Viral Video

दिनेश यादव

follow google news

दिल्ली मेट्रो आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा में रहती है. कभी यहां लोग रील बनाते नजर आते हैं, तो कभी मामूली बातों पर बहस और मारपीट का अड्डा बन जाती है. हाल ही में दिल्ली मेट्रो का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की और एक बुजुर्ग के बीच सीट को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया. बात इतनी बढ़ गई कि लड़की ने सरेआम बुजुर्ग को जोरदार तमाचा जड़ दिया.

Read more!

सीट को लेकर शुरू हुई बहस

वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति मेट्रो की सीट पर बैठे हुए हैं, जबकि एक लड़की उनके सामने खड़ी है. वायरल वीडियो के दावों के अनुसार, लड़की ने बुजुर्ग से सीट खाली करने की मांग की, जिसे उन्होंने मानने से इनकार कर दिया. बुजुर्ग का तर्क था कि यह सीट रिजर्व नहीं है, इसलिए वे यहां बैठने के हकदार हैं.

इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते काफी गंभीर हो गई. बहस के दौरान लड़की का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने बिना कुछ सोचे-समझे उस बुजुर्ग व्यक्ति को सबके सामने एक जोरदार तमाचा मार दिया.

बुजुर्ग ने दिखाई संयम, लोग हुए बीच-बचाव के लिए मजबूर

तमाचा लगने के बाद बुजुर्ग व्यक्ति को भी गुस्सा आया और वे अपनी सीट से खड़े हो गए. गुस्से में उन्होंने लड़की को मारने के लिए अपना हाथ भी उठाया, लेकिन शायद अपनी बेटी की उम्र की लड़की को देख उन्होंने अपनी मर्यादा का ध्यान रखा और अपना हाथ बीच में ही रोक लिया. इस पूरी घटना के दौरान मेट्रो में मौजूद अन्य यात्री भी चकित रह गए.

माहौल को गर्म होता देख मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने जिसमें एक महिला भी शामिल थीं, बीच-बचाव करना शुरू कर दिया. इस दौरान लड़की लगातार ऊंची और बदतमीजी भरी आवाज में चिल्लाती रही, जिसके कारण मेट्रो का माहौल तनावपूर्ण हो गया. अंततः वहां मौजूद यात्रियों ने बुजुर्ग को किसी तरह शांत कराकर वापस सीट पर बैठाया और लड़की वहां से आगे निकल गई.

इंटरनेट पर छिड़ी बहस, लोगों ने लड़की को घेरा

इस घटना का वीडियो किसी सहयात्री ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो के सामने आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है और यूजर्स लड़की के व्यवहार की कड़ी आलोचना कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि दिल्ली मेट्रो में महिलाओं के लिए कोच और सीटें बकायदा आरक्षित हैं, तो फिर इस लड़की को बुजुर्ग से सीट के लिए उलझने की क्या जरूरत थी?

सोशल मीडिया यूजर्स लड़की को तहजीब का पाठ पढ़ाते हुए कह रहे हैं कि बुजुर्ग के साथ इस तरह का बर्ताव और उन पर हाथ उठाना बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है. लोगों ने बुजुर्ग के संयम की तारीफ की है कि उन्होंने अपने गुस्से पर काबू रखा और लड़की के साथ मारपीट नहीं की.

यहां देखें वीडियो

दिल्ली: अधेड़ उम्र का शख्स कर रहा था अश्लील हरकत, लड़की ने बीच सड़क पर ढंग से कर दिया इलाज, वीडियो वायरल

    follow google news