दिल्ली: शबनम हत्याकांड का आरोपी सूरज गिरफ्तार, जानें मृतका के परिवार से क्या था उसका कनेक्शन?

अंशुल सिंह

15 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 15 2026 8:18 PM)

Delhi Shabnam Murder Case: दिल्ली के मोती नगर में कपड़ों के शोरूम के अंदर 18 वर्षीय शबनम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में दोनों परिवारों के बीच रिश्तेदारी की बात सामने आई है. लेकिन इस वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी? पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है:

दिल्ली के शोरूम में 18 साल की शबनम की हत्या
दिल्ली के शोरूम में 18 साल की शबनम की हत्या
Google CTA

Delhi Moti Nagar Murder Case: दिल्ली के मोती नगर में कपड़ों के शोरूम के अंदर 18 वर्षीय शबनम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात के बाद से पुलिस की 8 से 10 टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी के परिवारों के बीच रिश्तेदारी थी. हालांकि, हत्या की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हुआ है.

Read more!

शोरूम के ट्रायल रूम में मिला था शबनम का शव

यह घटना दिल्ली के मोती नगर इलाके में स्थित कपड़ों के शोरूम 'वस्त्र महल' की है. यहां 18 वर्षीय शबनम काम करती थी. शनिवार शाम शोरूम के अंदर उसकी हत्या कर दी गई. उसका शव ट्रायल रूम में खून से लथपथ हालत में मिला था. मौके पर एक चाकू भी बरामद हुआ. स्थानीय लोगों के मुताबिक, शाम के समय शोरूम की मालकिन का फोन आया था. उन्होंने बताया था कि दुकान पर एक युवक आया था, जिसने शबनम के साथ मारपीट की थी.

इसके बाद शबनम के दुकान छोड़कर चले जाने की बात कही गई. मालकिन ने आसपास के एक दुकानदार से शोरूम का शटर गिराने को कहा था, ताकि चोरी न हो. हालांकि, कुछ देर बाद जब लोगों ने दुकान के अंदर जाकर देखा तो ट्रायल रूम के बाहर खून फैला हुआ था और शबनम की चुन्नी भी बाहर पड़ी थी. पुलिस को सूचना देने के बाद अंदर जाकर देखा गया तो ट्रायल रूम में शबनम का शव मिला. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, धारदार हथियार से उसका गला रेता गया था.

पुलिस ने 8 से 10 टीमें लगाकर आरोपी को पकड़ा

घटना की जानकारी देते हुए डीसीपी सौरभ चंद्र ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि शनिवार रात 8 बजकर 51 मिनट पर पुलिस को शोरूम में खून पड़े होने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही मोती नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. वहां एक युवती का शव और पास में चाकू पड़ा मिला. इसके बाद पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की पहचान की. एसएचओ और एसीपी के नेतृत्व में थाना पुलिस की टीमों के साथ एसीपी ऑपरेशंस की टीम को भी जांच में लगाया गया. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारियों के आधार पर पूरी रात कार्रवाई की. अतिरिक्त डीसीपी के मुताबिक, इस कार्रवाई में 8 से 10 टीमें लगी थीं. पुलिस ने कुछ देर पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. इसके साथ ही इस हत्याकांड का खुलासा हो गया है.

दोनों परिवारों के बीच थी रिश्तेदारी

पुलिस की शुरुआती जांच में एक अहम बात सामने आई है. अतिरिक्त डीसीपी सौरभ चंद्र ने बताया कि मृतका शबनम की दो बड़ी बहनों की शादी आरोपी के दो बड़े भाइयों से हुई है. इस वजह से दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक संबंध थे और एक-दूसरे के घर आना-जाना भी था. हालांकि, पुलिस अधिकारी ने साफ किया कि आरोपी ने इस वारदात को क्यों अंजाम दिया और हत्या की तत्काल वजह क्या थी, इसका पता पूछताछ के बाद ही चल सकेगा.

पूछताछ के बाद सामने आएगी हत्या की वजह

फिलहाल पुलिस आरोपी को थाने लाकर उससे पूछताछ कर रही है. जांच में हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत दूसरे सबूतों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: प्रयागराज: पहले हुई कहासुनी, फिर गुस्से में पत्नी ने कर दी पति की हत्या, अब वीडियो से खुली वारदात की कहानी