दिल्ली: शोरूम के अंदर शबनम के साथ क्या हुआ? सामने आया हत्या से पहले का CCTV फुटेज

अरविंद ओझा

16 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 16 2026 11:13 AM)

Delhi Shabnam Murder Case: दिल्ली के मोती नगर में 18 वर्षीय शबनम की हत्या का एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज सामने आया है. इसमें आरोपी सूरज शोरूम के अंदर शबनम के साथ मारपीट करता और उसे घसीटकर ट्रायल रूम में ले जाता दिखाई दे रहा है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. अब हत्या के पीछे की वजह जानने के लिए पूछताछ जारी है.

शबनम हत्याकांड का CCTV फुटेज आया सामने
शबनम हत्याकांड का CCTV फुटेज आया सामने
Google CTA

Delhi Moti Nagar Shabnam Murder Case: दिल्ली के मोती नगर में 18 वर्षीय शबनम की हत्या के मामले में शोरूम के अंदर हुई वारदात का एक्सक्लूसिव CCTV फुटेज सामने आया है. फुटेज में आरोपी शबनम के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. वह पहले उसे पीटता है और फिर घसीटकर ट्रायल रूम में ले जाता है, जहां कथित तौर पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर देता है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके.

Read more!

CCTV में कैद हुई शबनम के साथ मारपीट की पूरी वारदात

सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि आरोपी सूरज शोरूम के अंदर आता है. उस समय शबनम वहां बैठी हुई थी. आरोपी उसके पास पहुंचते ही उसके साथ मारपीट करने लगता है. इसके बाद वह शबनम को पकड़कर शोरूम के अंदर की तरफ ले जाने लगता है. इस दौरान शबनम चीखते-चिल्लाते हुए खुद को बचाने की कोशिश करती दिखाई देती है. आरोपी उसे घसीटकर चेंजिंग रूम यानी ट्रायल रूम में ले जाता है. फुटेज में आगे आरोपी ट्रायल रूम के अंदर शबनम पर चाकू से हमला करता दिखाई देता है. इसी हमले में शबनम की जान चली गई.

ट्रायल रूम में मिला था शबनम का शव

यह वारदात मोती नगर स्थित कपड़ों के शोरूम 'वस्त्र महल' की है. 18 वर्षीय शबनम यहां काम करती थी. शनिवार शाम शोरूम के अंदर उसकी हत्या कर दी गई थी. उसका शव ट्रायल रूम में खून से लथपथ हालत में मिला था. मौके से पुलिस ने एक चाकू भी बरामद किया था. स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के दिन शोरूम की मालकिन का फोन आया था. उन्होंने बताया था कि दुकान पर एक युवक आया था, जिसने शबनम के साथ मारपीट की थी. इसके बाद शबनम के दुकान छोड़कर जाने की बात कही गई थी. मालकिन ने आसपास के दुकानदार से शोरूम का शटर गिराने को भी कहा था, ताकि चोरी न हो. हालांकि, कुछ देर बाद जब लोगों ने दुकान के अंदर जाकर देखा तो ट्रायल रूम के बाहर खून फैला हुआ था और शबनम की चुन्नी पड़ी थी. पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद ट्रायल रूम में शबनम का शव मिला.

CCTV और तकनीकी सर्विलांस से पकड़ा गया आरोपी

दिल्ली पुलिस के डीसीपी सौरभ चंद्र के मुताबिक, शनिवार रात 8 बजकर 51 मिनट पर पुलिस को शोरूम में खून पड़े होने की सूचना मिली थी. मोती नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां युवती का शव और पास में चाकू मिला. इसके बाद पुलिस ने शोरूम के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान की. आरोपी की तलाश में थाना पुलिस और एसीपी ऑपरेशंस की टीम समेत 8 से 10 टीमें लगाई गई थीं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

दोनों परिवारों के बीच थी रिश्तेदारी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि शबनम और आरोपी के परिवारों के बीच पारिवारिक संबंध थे. शबनम की दो बड़ी बहनों की शादी आरोपी के दो बड़े भाइयों से हुई है. इस वजह से दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था. हालांकि, आरोपी ने शबनम की हत्या क्यों की और वारदात के पीछे की असली वजह क्या है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और सबूतों की जांच के बाद हत्या की वजह सामने आ सकेगी.

यह भी पढ़ें: दिल्ली: शबनम हत्याकांड का आरोपी सूरज गिरफ्तार, जानें मृतका के परिवार से क्या था उसका कनेक्शन?