दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में आईआरएस (IRS) अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप के आरोपी राहुल मीणा को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. अब इस मामले में आरोपी राहुल की बहन सामने आई है और उसने राजस्थान के अलवर में लगे रेप के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. राहुल की बहन ने दावा किया है कि उसे साजिश के तहत फंसाया गया है और पूरी कहानी सट्टे के कर्ज से जुड़ी है.
ADVERTISEMENT
"अलवर वाला रेप केस झूठा है"
राहुल की बहन का कहना है कि अलवर के राजगढ़ में दोस्त की पत्नी के साथ रेप का इल्जाम पूरी तरह से गलत है. उसने बताया कि राहुल अपने दोस्त विष्णु को शादी में छोड़ने गया था. राहुल ने जब चाबी वापस करने के लिए दरवाजा खटखटाया, तो विष्णु ने पीछे से आकर उस पर झूठे आरोप लगा दिए. बहन के मुताबिक, यह सब पैसों के विवाद को लेकर किया गया है.
सट्टे की लत और 95 हजार का कर्ज
वीडियो रिपोर्ट के अनुसार, राहुल की बहन ने खुलासा किया कि राहुल और उसका दोस्त विष्णु ऑनलाइन गेम (सट्टा) खेलते थे. राहुल के पास अपने 5 हजार रुपये थे, जबकि विष्णु ने उसे गेम खेलने के लिए 90 हजार रुपये दिए थे. राहुल दोनों ही रकम हार गया. हारने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन तक गिरवी रखकर पैसे लगाए, लेकिन वह भी डूब गए. इसके बाद विष्णु ने राहुल पर पैसे लौटाने का भारी दबाव बनाना शुरू कर दिया.
दिल्ली क्यों गया था राहुल?
राहुल की बहन ने बताया कि राहुल दिल्ली पैसे के इंतजाम के लिए ही गया था. चूंकि वह पहले आईआरएस अधिकारी के घर में 8 महीने तक नौकर रह चुका था, उसे घर की आर्थिक स्थिति और वहां के रुटीन का पूरा पता था. वह जानता था कि वहां से उसे पैसे मिल सकते हैं. इसी कर्ज को चुकाने के चक्कर में वह दिल्ली पहुंचा और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.
नौकरी से क्यों निकाला गया था?
बहन ने यह भी साफ किया कि राहुल को उसके मामा ने वहां काम पर लगवाया था. लेकिन वहां रहते हुए भी राहुल ने आसपास की दुकानों से पैसे उधार लेना शुरू कर दिया था. जब इस बात की जानकारी आईआरएस अधिकारी को हुई, तो उन्होंने उसे काम से निकाल दिया था.
परिवार क्या चाहता है?
जब राहुल की बहन से पूछा गया कि अगर वह गुनहगार साबित होता है तो परिवार क्या चाहता है? इस पर उसने कहा कि "अगर उसने गलत किया है, तो उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन उसे जान से न मारा जाए." परिवार फिलहाल इस पूरी घटना से सदमे में है.
ADVERTISEMENT


