Delhi Mausam Update: दिल्ली-NCR में गर्मी अब अपने तीखे तेवर दिखाने लगी है. अप्रैल महीने के तीसरे हफ्ते में सूरज की तपिश ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इस बीच अब मौसम विभाग ने दिल्ली NCR के लिए ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार 21 अप्रैल से दिल्ली में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है. ये सिलसिला 24 अप्रैल जारी रहेगा. हालांकि इसके बाद एक बार फिर मौसम पलटी मारेगा और आसमान में बादल की आवाजाही शुरू होगी.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज 21 अप्रैल को दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और दिन भर तेज धूप खिली रहेगी. दिल्ली के उत्तरी, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिम, पश्चिमी, दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी जिलों के साथ-साथ नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में भी कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है. इसके अलावा NCR के शहरों जैसे फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. ऐसे में इन इलाकों में भी लू का प्रकोप देखने को मिलेगा और तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है.
ठंड की स्थिति और तापमान का पूर्वानुमान
वहीं अगर तापमान की बात करें तो आज 21 अप्रैल के लिए अधिकतम तापमान 41 से 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटों की बात करें तो सफदरजंग में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक था. रिज क्षेत्र में तापमान 41.3 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 1-2 डिग्री की और वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का प्रकोप और बढ़ेगा.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है. 22 से 24 अप्रैल तक दिल्ली के लगभग सभी जिलों (उत्तरी, पश्चिमी, दक्षिणी, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली) में भीषण लू की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है. 25 अप्रैल से आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है और पारा 40-42 डिग्री के आसपास रह सकता है. मौसम विभाग ने सलाह दी है कि लोग दोपहर के समय धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें.
ADVERTISEMENT


