Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-NCR में कई दिनों की भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए गुरुवार शाम की बारिश राहत लेकर आई. यहां एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राजधानी दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के बारिश हुई. इससे यहां के तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई. वहीं इस बीच मौसम विभाग ने अब 30 मई को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है. इसके तहत अब एक बार फिर दिल्ली-NCR के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 30 मई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की माने तो दिल्ली में शनिवार यानी 30 मई को भी आसमान का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. यहां दिन की शुरुआत में बादलाें के साथ होगी, इसके बाद घने बादलों से आसमान घिर जाएगा. IMD के अनुसार दोपहर से लेकर शाम के समय राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान मौसम सुहावना बना रहेगा और गरज-चमक के साथ ही करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं.
दिल्ली में 30 मई को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने मौसम की इस स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. शनिवार को उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली सहित एनसीआर के क्षेत्रों जैसे गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. इन सभी जिलों के निवासियों को आंधी और गरज-चमक के समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
वही आने वाले दिनों की बात करें तो 31 मई को भी सुबह के समय आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही बहुत हल्की बारिश, मेघगर्जन और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है, जिससे रविवार की शुरुआत भी राहत भरी होगी. इसके बाद जून के शुरुआती दिनों से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आना शुरू होगा. 1 जून और 2 जून को नई दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली सहित पूरी दिल्ली में आसमान में सिर्फ आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना खत्म हो जाएगी. इसके बाद 3 जून और 4 जून से मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और तापमान में फिर से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होगी, जिससे अधिकतम पारा 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा और गर्मी एक बार फिर अपना तेवर दिखाएगी.
ADVERTISEMENT


