Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR का मौसम इन दिनों हर दिन नया रंग दिखा रहा है. कभी तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है तो कभी हल्की बारिश राहत दे रही है. मंगलवार को हुई बूंदाबांदी से तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन उमस भरी गर्मी से लोगों को खास राहत नहीं मिल सकी. इसी बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-NCR के आसमान में बादलों का डेरा बना रहेगा.
ADVERTISEMENT
दरअसल, उत्तर-पश्चिम भारत की ओर एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर राजधानी और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिलेगा. IMD के मुताबिक, इस सिस्टम के प्रभाव से दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी, गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली में 18 जून को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 जून को दिल्ली का मौसम काफी बदला-बदला नजर आएगा. दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है, जिससे सूरज के तीखे तेवरों से राहत मिलेगी. यहां शाम और रात के समय दिल्ली के अलग अलग इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान मौसम विभाग ने आंधी-तूफान आने और बिजली कड़कने की भी चेतावनी दी है. इस मौसमी बदलाव के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी झोंकों के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकती हैं.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी दिल्ली-NCR में प्री-मानसून गतिविधियों का दौर जारी रहेगा. 19 जून को भी आसमान में आंशिक बादल रहेंगे और सुबह या दोपहर के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इसके बाद 20 और 21 जून को मौसम और अधिक आक्रामक हो सकता है; इन दोनों दिनों में दोपहर या शाम को 40-50 किमी/घंटा (झोंकों में 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से भयंकर आंधी और तूफान के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 36 से 38 डिग्री तक आ जाएगा. हालांकि, 22 और 23 जून को केवल आंशिक बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना कम होने से पारा एक बार फिर 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
ADVERTISEMENT


