Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों के लिए मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी भारत में 3 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है. इस नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने से राजधानी के आसमान में बादलों का डेरा रहेगा. वहीं दोपहर और शाम के समय तेज रफ्तार हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. ऐसे में इससे उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मदी है. वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी अपडेट जारी किया है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 3 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 3 जून को दिल्ली के लगभग सभी हिस्सों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की उम्मीद है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 3 जून के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
दिल्ली में 3 जून को तापमान का पूर्वानुमान
वहीं गर्मी की स्थिति और तापमान की बात करें तो 3 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का पूर्वानुमान है. हालांकि पिछले दिनों के मुकाबले अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया है, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखी जाएगी.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में दिल्ली और उसके आसपास के जिलों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद) में मौसम का मिजाज और अधिक आक्रामक होने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 जून को आसमान में घने बादल छाएंगे और दोपहर से रात के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी, इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. यही स्थिति 5 जून को भी बनी रहेगी, जब सुबह से दोपहर के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर चलेगा. इसके बाद, 6 जून से मौसम साफ होने लगेगा और आंशिक बादल रहेंगे. वहीं 7 और 8 जून को दिल्ली के सभी जिलों में आसमान मुख्यतः साफ हो जाएगा, जिससे तापमान एक बार फिर तेजी से बढ़ेगा और 8 जून तक पारा 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ तेज गर्मी की वापसी होगी.
यह भी पढ़ें: 'सिर्फ JE नहीं, बड़े अफसरों को नौकरी से निकालो', MCD दफ्तर में घुसे AAP पार्षद ने आखिर क्यों काटा बवाल?
ADVERTISEMENT


