Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए 11 जून राहत लेकर आ सकता है. पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू जैसे हालात झेल रही राजधानी में अब मौसम करवट लेने वाला है. मंगलवार शाम हुई बूदाबंदी के बाद तापमान में हल्की ठंडक महसूस की गई. इस बीच अब मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार गुरुवार को भी दिल्ली NCR में दिनभर आंशिक से रूप से बादल छाए रहेंगे. वहीं शाम और रात के समय हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. इसके साथ ही तेज हवाओं के चलने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 11 जून को अलर्ट वाले जिलों के नाम
मौसम विभाग ने 11 जून को दिल्ली के लगभग सभी जिलों के लिए खराब मौसम की संभावना जताई है. इसके लिए मौसम विभाग ने गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अनुसार उत्तर दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा में शाम और रात के दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं हवाओं की झोंकों की स्पीड 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. इसके अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है.
दिल्ली में 11 जून को गर्मी की स्थिति और तापमान का पूर्वानुमान
11 जून को दिल्ली का अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि दिन में गर्मी और उमस बनी रह सकती है, लेकिन शाम को आंधी और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट महसूस होगी. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 12 जून तक अधिकतम तापमान में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. लोगों को तेज हवाओं, बिजली गिरने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
IMD के अनुसार 12 जून को दिल्ली के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहेंगे और सुबह से लेकर शाम तक रुक-रुक कर हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 13 और 14 जून को नई दिल्ली, उत्तर दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद सहित पूरे एनसीआर में आंशिक बादल छाए रहेंगे तथा दोपहर और शाम के समय गरज वाले बादल बनने की संभावना बनी रहेगी. 15 और 16 जून को भी मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा और भीषण लू जैसी स्थिति की संभावना फिलहाल नहीं है.
ADVERTISEMENT


