45 डिग्री तापमान और झुलसाने वाली धूप... दिल्ली में 19 मई को ऐसा रहेगा मौसम, IMD ने इन इलाकों में जारी किया येलो अलर्ट

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली और NCR में गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. मौसम विभाग ने 19 मई को भीषण लू और 45 डिग्री तक तापमान पहुंचने की चेतावनी जारी की है. तेज गर्म हवाओं और झुलसाने वाली धूप के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का सितम
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का सितम

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi Weather Alert: दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. मई के इस महीने में तपिश इतनी बढ़ चुकी है कि घर से बाहर कदम रखते ही झुलसाने वाली गर्म हवाएं शरीर को बेहाल कर रही हैं. सुबह होते ही आसमान से बरसती आग और दोपहर के समय चलने वाले थपेड़ों ने राजधानी को भट्टी की तरह तपा दिया है. अगर आप भी 19 मई को किसी जरूरी काम से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो मौसम का मिजाज और मौसम विभाग की यह जरूरी चेतावनी आपके लिए बेहद काम की साबित हो सकती है.

Read more!

दिल्ली में 19 मई कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 19 मई 2026 को दिल्ली-NCR के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ रहेगा और दिन के समय धूप का प्रकोप चरम पर होगा. मौसम विभाग के अनुसार, 19 मई को दिल्ली के सभी प्रमुख जिलों में भीषण लू चलने की आशंका है. खासतौर पर उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा के साथ-साथ NCR के क्षेत्रों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में कुछ स्थानों पर लू की स्थिति बनी रहेगी. इसके अलावा दिन के दौरान 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी 35 किलोमीटर प्रति घंटे के झोंकों में तब्दील होकर लोगों को और ज्यादा परेशान करेंगी.

दिल्ली में तापमान का पूर्वानुमान

राजधानी में गर्मी अब अपने खतरनाक स्तर पर पहुंच रही है, क्योंकि अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से काफी अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है, जिससे रात के समय भी गर्मी से कोई खास राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. सफदरजंग, पालम, लोदी रोड, रिज और आयानगर जैसे सभी मौसम केंद्रों पर तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसके कारण मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' (Be Aware) जारी करते हुए लोगों को दोपहर के समय धूप में सीधे निकलने से बचने की सलाह दी है.

आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल

दिल्ली-NCR के निवासियों को आने वाले दिनों में भी इस भीषण गर्मी और लू से राहत मिलती नहीं दिख रही है. मौसम विभाग की मानें तो 20 मई से लेकर 22 मई तक दिल्ली के सभी जिलों (जैसे नई दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली आदि) में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और कुछ स्थानों पर लू (Heat Wave) का प्रकोप लगातार जारी रहेगा. इस दौरान भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. इसके बाद 23 और 24 मई को हालांकि लू की चेतावनी नहीं है और आसमान साफ रहेगा, लेकिन सतही तेज हवाएं चलती रहेंगी और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से 44 डिग्री सेल्सियस के उच्च स्तर पर ही बना रहेगा, जिससे उमस और तपिश का दौर आगे भी बरकरार रहने वाला है.

    follow google news