Delhi-NCR Weather Update: 22 मई को भी नहीं मिलेगी राहत, दिल्ली-NCR में हीटवेव का कहर जारी, 46 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

Delhi-NCR Weather Update: 22 मई को दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। IMD ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में लू और गर्म रातों का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट और अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान।

दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का सितम
दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी का सितम

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली-NCR में गर्मी लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को भी राजधानी और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा. आसमान साफ रहने की वजह से धूप और ज्यादा चुभने वाली होगी, जबकि दिनभर गर्म हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे NCR में हीटवेव और गर्म रातों को लेकर चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

Read more!

22 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को दिल्ली-NCR में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा. बारिश की कोई संभावना फिलहाल नहीं है. दिन में पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं. कुछ समय के लिए हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने साफ कहा है कि कई जगहों पर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी और कुछ इलाकों में गर्म रात का असर भी महसूस होगा.

किन इलाकों में ज्यादा असर?

मौसम विभाग ने दिल्ली के सभी जिलों नॉर्थ दिल्ली, साउथ दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, वेस्ट दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, शाहदरा और न्यू दिल्ली में हीटवेव और गर्म रात की चेतावनी जारी की है. इसके अलावा गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी लू चलने की संभावना जताई गई है. दिल्ली-NCR के ज्यादातर इलाकों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग के मुताबिक कई जगहों पर हवा की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है और झोंकों के दौरान यह 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है गर्मी

मौसम विभाग के सात दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 27 मई तक भी दिल्ली-NCR में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. 25 मई तक कई इलाकों में Severe Heat Wave जैसे हालात बनने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान लगातार 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है.

लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. विभाग के मुताबिक लंबे समय तक धूप में रहने या भारी काम करने से हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ सकता है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है.

लोगों को हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने, सिर को कपड़े या टोपी से ढकने और खूब पानी पीने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने कहा है कि प्यास न लगने पर भी लगातार पानी पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.

    follow google news