Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा 23 मई को मौसम? IMD ने हीट वेव और तेज गर्म हवाओं को लेकर जारी किया अलर्ट

Delhi Heatwave Alert: 23 मई को दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और हीट वेव का असर जारी रहेगा. IMD ने दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद में तेज गर्म हवाओं और 46 डिग्री तक तापमान पहुंचने का अलर्ट जारी किया है. जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट, आने वाले दिनों का पूर्वानुमान और लोगों के लिए जरूरी सलाह.

Delhi Heatwave Alert
Delhi Heatwave Alert

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली-NCR में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार 23 मई को भी राजधानी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे NCR में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा. दिनभर तेज धूप और लू जैसे हालात रहेंगे, जबकि कई इलाकों में गर्म हवाएं लोगों की परेशानी और बढ़ा सकती हैं. मौसम विभाग ने हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.

Read more!

23 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक 23 मई को दिल्ली-NCR में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में आंशिक बादल दिखाई दे सकते हैं. दिन के समय 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं और हवा के झोंके 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. मौसम विभाग ने कहा है कि राजधानी में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. दोपहर के समय गर्मी अपने चरम पर रह सकती है और तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

विभाग के मुताबिक नई दिल्ली, सेंट्रल दिल्ली, ईस्ट दिल्ली, शाहदरा, साउथ दिल्ली, साउथ-वेस्ट दिल्ली और साउथ-ईस्ट दिल्ली समेत सभी हिस्सों में हीट वेव की चेतावनी है. इसके अलावा गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी गर्म हवाओं और लू का असर बना रहेगा. इन इलाकों में दिनभर गर्म और शुष्क हवाएं चलेंगी. कुछ जगहों पर सुबह या शाम के समय हल्के बादल और गरज वाले बादल बनने की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन बारिश की संभावना फिलहाल बेहद कम है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों तक दिल्ली-NCR में गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है. हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है. तेज गर्म हवाएं भी लोगों की परेशानी बढ़ाएंगी.

    follow google news