Delhi Mausam Update: दिल्ली-NCR के निवासियों के लिए राहत भरी खबर है. चिलचिलाती गर्मी और बढ़ते पारे के बीच मौसम विभाग ने 29 अप्रैल को राजधानी के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और एटमोस्फियरिक सिस्टम के एक्टिव होने के कारण आसमान बादलों से ढका रहेगा, जिससे दिल्लीवासियों को तपती धूप से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, बारिश के साथ आने वाली तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना ने विभाग को सतर्क रहने की सलाह भी दी है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 29 अप्रैल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 29 अप्रैल 2026 को दिल्ली का आसमान बादलों से घिरा रहेगा. वहीं दोपहर से शाम के बीच शहर के विभिन्न इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज और बिजली चमकने के साथ साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं जो झोंकों के दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.
गर्मी की स्थिति और तापमान का पूर्वानुमान
वहीं तापमान की बात करें तो अगले तीन दिनों के दौरान दिल्ली के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. 29 अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. रिपोर्ट के अनुसार, 29 अप्रैल से 4 मई के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कम ही बना रहेगा, जिससे लू (Heat Wave) जैसी स्थिति की संभावना फिलहाल नहीं है.
इन जिलों में जारी किया गया अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली शामिल हैं. इन सभी इलाकों के साथ-साथ एनसीआर के गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में भी दोपहर से शाम तक हल्की बारिश और 50 किमी/घंटा की रफ्तार वाले हवा के झोंकों की चेतावनी दी गई है.
आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो 30 अप्रैल को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा, जहां हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. 1 और 2 मई को आसमान मुख्यतः साफ रहने और तापमान में फिर से 2-3 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है, जिससे पारा 40-42 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि, 3 मई से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू होगी और 4 मई को सफदरजंग, पालम और लोदी रोड सहित अन्य स्टेशनों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की वापसी हो सकती है.
ADVERTISEMENT


