Delhi NCR weather update: मई की शुरुआत के साथ ही दिल्ली-NCR में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं. पिछले 24 घंटों में चली धूल भरी आंधी और छिटपुट बारिश ने दिल्लीवालों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है. अमूमन मई के महीने में जहां सूरज आग उगलता है वहीं इस बार पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. दिल्ली के सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया, जिससे वातावरण में ठंडक बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
आज 5 को दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी 5 मई को दिल्ली में मौसम मिला-जुला रहने वाला है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे. दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली सहित नोएडा और गाजियाबाद जैसे सटे इलाकों में तेज सतही हवाएं चलने और बारिश के आसार हैं.
दिल्ली में तापमान का पूर्वानुमान
गर्मी की बात करें तो अगले दो दिनों तक दिल्लीवासियों को लू से राहत मिलती रहेगी. आज का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जो कि सामान्य से काफी कम है. वहीं, न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट देखी जा सकती है. दोपहर और शाम के समय चलने वाली हवाओं की गति 20-30 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो कभी-कभी 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएगी, जिससे उमस भरी गर्मी से काफी बचाव होगा.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
वहीं आने वाले दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेगा. 6 मई को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दोपहर के समय गरज के साथ बारिश की संभावना है. हालांकि, 7 मई से आसमान साफ होना शुरू होगा और धीरे-धीरे पारे में उछाल देखा जाएगा. 8 मई से 10 मई के बीच अधिकतम तापमान फिर से 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, जिससे गर्मी का प्रकोप दोबारा बढ़ सकता है. 10 मई से हिमालयी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिसका असर दिल्ली के आने वाले मौसम पर भी पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT


