दिल्ली-NCR में 5 सितंबर को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके बाद दोपहर से शाम के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश और आंधी-तूफान जैसी स्थिति बन सकती है. बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है और अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
ADVERTISEMENT
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई. इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी दर्ज की गई. दिल्ली में न्यूनतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा.
सफदरजंग मौसम केंद्र पर 4 सितंबर को अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह 8:30 बजे तक बारिश रिकॉर्ड नहीं हुई थी, लेकिन सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच सफदरजंग में 32.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. दिल्ली-NCR के दूसरे इलाकों में भी बारिश हुई. पालम में 75.6 मिमी, लोधी रोड में 34.6 मिमी और रिज में 20 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 44.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई.
5 सितंबर को कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
5 सितंबर को दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक सुबह से पूर्वाह्न के दौरान कई स्थानों पर एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है. इसके बाद दोपहर से शाम के बीच भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है. यानी दिल्लीवासियों को 5 सितंबर को सुबह के साथ-साथ शाम के समय भी बारिश के लिए तैयार रहना होगा.
कितना रहेगा तापमान?
5 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिनभर दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली के किन इलाकों में बारिश होगी?
मौसम विभाग के जिला-वार पूर्वानुमान में उत्तर दिल्ली, उत्तर-पूर्व दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्व दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा- सभी क्षेत्रों में 5 सितंबर को आमतौर पर बादल छाए रहने तथा सुबह से पूर्वाह्न के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के एक-दो दौर की संभावना जताई गई है. दोपहर से शाम के बीच भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
NCR में भी बारिश का अलर्ट
दिल्ली के साथ-साथ फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी 5 सितंबर को मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है. इन सभी क्षेत्रों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह से पूर्वाह्न के दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. दोपहर से शाम के बीच कुछ जगहों पर बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है.
बारिश के बाद 6 सितंबर से बदलेगा मौसम
5 सितंबर के बाद बारिश की गतिविधि में कमी आने की संभावना है. 6 सितंबर को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश हो सकती है और आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दिन अधिकतम तापमान 31-33°C और न्यूनतम 22-24°C रहने का अनुमान है. इसके बाद 7 सितंबर से मौसम के अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है. 7 से 10 सितंबर तक आसमान आंशिक रूप से बादल छाए रहने और बारिश नहीं होने का पूर्वानुमान है. इस दौरान अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 33-35°C तक पहुंच सकता है.
जलभराव और ट्रैफिक को लेकर सावधानी
मौसम विभाग ने 5 सितंबर को बारिश के कारण निचले इलाकों और सड़कों पर पानी जमा होने की संभावना जताई है. इसके साथ ही सड़कों पर मामूली ट्रैफिक बाधित होने और वाहन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है. ऐसे में बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों में जाने से बचने और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
जंतर-मंतर मारपीट केस में पुलिस का एक्शन, स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से पकड़ा
ADVERTISEMENT


