दिल्ली-NCR और इसके आसपास के इलाकों में रहने वालों के लिए मौसम की लुका-छिपी जारी है. यहां जहां एक तरफ सूरज के तेवर धीरे-धीरे तीखे हो रहे है. पिछले 24 घंटों में हुई हल्की बारिश और ओलावृष्टि ने पारे को नियंत्रण में रखा है, लेकिन मौसम विभाग के ताजा अनुमानों के अनुसार, आने वाले दिन राजधानी वासियों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR में पारा एक बार फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 7 मई को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज 7 मई 2026 को दिल्ली-NCR के अधिकतर हिस्सों में आसमान साफ रहेगा, लेकिन दोपहर या शाम के समय बादल छाने और गरज की संभावना जताई जा रही है. मौसम विभाग ने उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ नई दिल्ली और शाहदरा में शाम तक गरज-चमक की बात कही है. NCR के प्रमुख शहरों जैसे गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी आज शाम गरज चमक के साथ बादल छाने की उम्मीद है, जिससे कुछ समय के लिए मौसम सुहावना हो सकता है.
दिल्ली में तापमान का पूर्वानुमान
वहीं, गर्मी की स्थिति को देखें तो दिल्ली में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने वाली है. आज यानी 7 मई को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. हालांकि, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 5.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया था, लेकिन अब यह वापस सामान्य स्तर की ओर बढ़ेगा. विभाग ने सलाह दी है कि तापमान बढ़ने के साथ ही संवेदनशील व्यक्ति जैसे बच्चे और बुजुर्ग तेज धूप से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में दिल्ली में गर्मी का प्रकोप बढ़ने वाला है. 8 मई से 12 मई के बीच आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. 9 और 10 मई को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सकता है, जिससे लू जैसी स्थिति महसूस होने लगेगी. हालांकि, 10 मई से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के आने की संभावना है, जिसका असर दिल्ली के मौसम पर अगले सप्ताह के मध्य में देखने को मिल सकता है. तब तक राजधानी के सभी जिलों में शुष्क मौसम और बढ़ते तापमान का दौर जारी रहेगा.
ADVERTISEMENT


