Delhi NCR weather: दिल्ली-NCR में अब सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं. पूरे मार्च और अप्रैल के पहले हफ्ते में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. राजधानी के तापमान में बीते दिनों की तुलना में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की राहत अब भी बरकरार है, लेकिन दोपहर की तपिश ने लोगों को पसीने छुड़ाना शुरू कर दिया है. इस बीच मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार, आने वाले एक हफ्ते के भीतर अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है.
ADVERTISEMENT
दिल्ली में 13 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 13 अप्रैल को दिल्ली के अधिकतकर जिलों में आसमान साफ रहेगा और दिन भर धूप खिली रहेगी. वहीं तापमान की बात करें तो आज अधिकतम पारा 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है. IMD के अनुसार, नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दिन के समय 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक पहुंच सकती हैं. वहीं फरीदाबाद, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में भी आसमान साफ रहेगा और गर्मी का प्रभाव बढ़ेगा.
मौसम विभाग की माने तो अगले कुछ दिनों में दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, 14 और 15 अप्रैल को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के स्तर को छू सकता है. ठंड की स्थिति अब पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और न्यूनतम तापमान भी अब सामान्य या उससे अधिक रहने की संभावना है. विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 2 दिनों के बाद अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक हो जाएगा. फिलहाल किसी भी जिले के लिए भारी बारिश या तूफान जैसी गंभीर चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तेज सतही हवाओं के कारण धूल भरी हवाएं चलने की आशंका बनी रहेगी.
आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. 14 और 15 अप्रैल को आसमान साफ रहने के बाद 16 अप्रैल से मौसम करवट ले सकता है. ऐसे में इसके बाद से दिल्ली के कई इलाकों जैसे मयूर विहार, मुंगेशपुर और नजफगढ़ सहित विभिन्न जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है. 15 अप्रैल के आसपास एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला है. इसका असर दिल्ली-NCR के तापमान और हवाओं पर पड़ सकता है. हालांकि, इससे तापमान में बहुत अधिक गिरावट आने की उम्मीद नहीं है और 17-18 अप्रैल तक अधिकतम पारा 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है.
ADVERTISEMENT


