Delhi Weather Alert: दिल्ली-NCR में इस दिन चलेगी धूलभरी आंधी और होगी बारिश… मौसम विभाग ने बता दी तारीख

Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. मौसम विभाग ने 27 मई के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कई जिलों में हीटवेव की चेतावनी दी है. हालांकि, 28 मई से मौसम बदलने वाला है और तेज आंधी, बारिश के साथ तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है.

Delhi Weather Alert
Delhi Weather Alert

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi NCR Weather Update: दिल्ली-NCRमें सूरज की तपिश और झुलसाने वाली गर्म हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. पिछले कई दिनों से रिकॉर्ड तोड़ रहे तापमान के बीच आज भी राहत की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है. चिलचिलाती धूप और गर्म थपेड़ों के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है.  इस बीच अब मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है. इसके अनुसार दिल्ली के कई  इलाकों में लू  चलने की चेतावनी जारी की गई है. हालांकि,  28  मई से इस भीषण गर्म से दिल्लीवासियों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है.

Read more!

दिल्ली में 27 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग ने बुलेटिन के अनुसार 27 मई 2026 को पूरी दिल्ली में आसमान साफ रहने वाला है. 27 मई को यहां  दिन के दौरान तेज धूप निकलेगी और सतह पर लगातार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म पश्चिमी हवाएं चलेंगी. मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में इन गर्म हवाओं के झोंके कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक भी पहुंच सकते हैं. इस वजह से दोपहर के समय बाहर निकलने वाले लोगों को झुलसाने वाली लू का सामना करना पड़ेगा. ऐसे में मौसम विभाग ने 27 मई को दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है.

इन जिलों में जारी किया गया अर्लट

मौसम विभाग ने दिल्ली के लगभग सभी प्रमुख जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा समेत तमाम क्षेत्रों में लू की स्थिति को लेकर अलर्ट रहने को कहा गया है. इन सभी जिलों में कुछ स्थानों पर तीव्र हीटवेव चलने की प्रबल संभावना बनी हुई है.

दिल्ली में तापमान का पूर्वानुमान

अगर तापमान की बात करें तो आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका जताई गई है, जो सामान्य से काफी अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. सफदरजंग, पालम, लोदी रोड, रिज और आयानगर जैसे सभी मौसम केंद्रों पर पारा लगातार सामान्य से 3 से 4 डिग्री ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि यह उच्च तापमान शिशुओं, बुजुर्गों और पहले से बीमार व्यक्तियों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है, इसलिए धूप में निकलने से बचें और लगातार पानी पीते रहें.

इस दिन से दिल्ली में बदलेगा मौसम

दिल्लीवालों के लिए राहत की बात यह है कि इस भीषण गर्मी के बीच बहुत जल्द मौसम करवट लेने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने जा रहा है. इसके प्रभाव से 28 मई की शाम या रात से उत्तरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, शाहदरा और नई दिल्ली समेत सभी जिलों में आसमान में  बादल छा जाएंगे. इसके साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज आंधी-तूफान, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है. यह सिलसिला 29 और 30 मई को भी जारी रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान गिरकर 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा और लोगों को इस जानलेवा गर्मी से बड़ी राहत मिल जाएगी.

यह भी पढ़ें: Delhi Metro Phase 4: दिल्लीवालों को इस साल के अंत तक मिलेंगे 3 नए मेट्रो रूट, DMRC MD ने बताई फाइनल डेट

    follow google news