Delhi Weather Alert: दिल्ली में लू के टॉर्चर से इस दिन मिलेगी राहत... मौसम विभाग ने बता दिया अब कब होगी बारिश, जाने पूरा अपडेट

Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. 26 मई को तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. हालांकि, 28 मई से मौसम बड़ा यू-टर्न लेने वाला है. तेज आंधी, बारिश और तापमान में भारी गिरावट की संभावना जताई गई है.

दिल्ली में गर्मी ने फिर बढ़ाई टेंशन!
दिल्ली में गर्मी ने फिर बढ़ाई टेंशन!

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Delhi NCR Weather Update:दिल्ली-NCR सूरज के तीखे तेवर और भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह बेहाल हो चुका है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 26 मई 2026 को भी दिन के समय दिल्ली के लोगों को झुलसाने वाली तेज सतही हवाओं का सामना करना पड़ेगा. इन हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने की उम्मीद है. इतना ही नहीं, दिन में हवा के झोंके कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार भी पकड़ सकते हैं, जिससे दोपहर के समय घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं होगा.

Read more!

ऐसे में मौसम विभाग ने 26 मई के लिए दिल्ली के सभी जिलों में भीषण गर्मी और लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, नई दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली सहित सभी क्षेत्रों में कहीं-कहीं पर लू की स्थिति बनी रहेगी. इन सभी जिलों के लिए मौसम विभाग ने नागरिकों को पूरी तरह सतर्क और तैयार रहने की हिदायत दी है.

दिल्ली में 26 मई को गर्मी की स्थिति 

दिल्ली में 26 मई को गर्मी का टॉर्चर अपने चरम पर देखने को मिल सकता है क्योंकि अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है. वहीं, रात के समय भी कोई खास राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस उच्च तापमान और भीषण लू के कारण लंबे समय तक धूप में रहने वाले लोगों, शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित संवेदनशील व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है. इससे बचने के लिए लोगों को हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनने, सिर ढकने और प्यास न लगने पर भी लगातार पर्याप्त पानी पीते रहने की सलाह दी गई है.

आने वाले दिनों में दिल्ली के मौसम का हाल

राहत की बात यह है कि दिल्ली वासियों को इस जानलेवा गर्मी से बहुत जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 27 मई को भी तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस रहेगा और सभी जिलों में लू की स्थिति बनी रहेगी. लेकिन, 28 मई से उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावना है. इसके प्रभाव से 28 मई की शाम या रात के दौरान उत्तरी, उत्तर-पश्चिमी, पश्चिमी और मध्य दिल्ली सहित सभी जिलों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छा जाएंगे और 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज धूल भरी आंधी व गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होगी. इसके बाद 29 से 31 मई के बीच पूरी दिल्ली के आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और लगातार हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट आएगी और यह गिरकर महज 34 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जिससे लोगों को तपन से बड़ी राहत मिलेगी.

    follow google news