Delhi Weather Alert: दिल्ली-NCR में गर्मी का खेल खत्म! 70 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, आंधी-बारिश का दौर होगा शुरू, येलो अलर्ट जारी

Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग ने 28 मई से मौसम में बड़े बदलाव का अनुमान जताया है. तेज आंधी, बारिश और धूलभरी हवाओं के साथ तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है. कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

दिल्ली का मौसम लेगा यू टर्न
दिल्ली का मौसम लेगा यू टर्न

न्यूज तक डेस्क

follow google news

पिछले कई दिनों से सूरज की तपिश और भीषण लू का सामना कर रहे हैं दिल्ली-NCR  के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसाार, दिल्ली में जल्द तपती गर्म से राहत मिलने वाली है. दरअसल, मौसम विभाग के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है. ऐसे में इसके आने से दिल्ली में मौसम करवट लेने वाला है. संभावना है कि इसके आने से दिल्लीवालों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल सकती है. ऐसे चलिए जानते हैं कि मौसम कब लेगा करवट और आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल?

Read more!

दिल्ली में 28 मई को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग मुताबिक, 28 मई को दिल्ली के आसमान का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. यहां सुबह के वक्त आसमान में बादल छाए रहेंगे जो दिन ढलने के साथ-साथ घने होते जाएंगे और बाद में आसमान पूरी तरह से बादलों से घिर जाएगा. दिन के समय सतह पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार कभी-कभी 40 किलोमीटर प्रति घंटे के झोंकों तक पहुंच सकती है. सबसे बड़ा बदलाव शाम या रात के वक्त देखने को मिलेगा जब दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलेगी जो अचानक 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के झोंकों में बदल सकती है.

अलर्ट वाले जिलों के नाम

28 मई को मौसम में होने वाले इस बड़े बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के सभी इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा जिले शामिल हैं. इसके साथ ही दिल्ली से सटे एनसीआर के इलाकों यानी नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के लिए भी ठीक ऐसा ही अलर्ट जारी किया गया है. इन सभी जिलों में दिनभर तेज हवाएं चलने और शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश की पूरी संभावना बनी हुई है.

दिल्ली में तापमान का पूर्वानुमान

अगर गर्मी की स्थिति की बात करें तो 27 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था. IMD के अनुसार,  28 मई से तापमान नीचे गिरना शुरू हो जाएगा. 28 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है. हालांकि, दिन के वक्त गर्मी का असर रहेगा, लेकिन शाम को होने वाली बारिश और धूलभरी आंधी के चलते तापमान में गिरावट आएगी और रात का मौसम काफी सुहावना हो जाएगा. 

आने वाले दिनों दिल्ली के मौसम का हाल

दिल्लीवालों के लिए असली राहत का दौर 29 मई से शुरू होने जा रहा है, जब तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 मई को दिल्ली का अधिकतम तापमान सीधे गिरकर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा. 29 मई को सुबह और शाम के समय दो अलग-अलग दौर में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में 60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश होगी. इसके बाद 30 और 31 मई को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और 40-50 किमी प्रति घंटे की झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, जिससे अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. जून की शुरुआत यानी 1 और 2 जून को भी आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने की उम्मीद है.

    follow google news