Delhi Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट, तेज हवाओं और हल्की बारिश के बीच अब मौसम पूरी के तेवर पूरी तरह बदल गए है और आज यानी 20 मार्च को इसका असर साफ तौर पर देखने को मिलने वाला है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज पूरे दिन आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. इस बदलते मिजाज को देखते हुए विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
ADVERTISEMENT
20 मार्च को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. उनके अनुसार आज दिल्ली-एनसीआर में आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा. सुबह के समय हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलेंगी, जबकि दोपहर से शाम तक 1-2 बार हल्की से मध्यम बारिश भी होगी. इस दौरान 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं भी चल सकती है. मौसम सुहावना होने की वजह से तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी और अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा.
किन इलाकों में क्या अलर्ट?
मौसम विभाग के अनुसार 20 मार्च को दिल्ली-एनसीआर के लगभग सभी हिस्सों में एक जैसा मौसम रहने की संभावना है. उत्तर, उत्तर-पूर्व, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, मध्य, पूर्व और शाहदरा के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी गरज-चमक, वज्रपात के साथ-साथ बारिश की भी संभावना है. हालांकि यह लगातार बारिश नहीं होगी, बल्कि बीच-बीच में रुक-रुक कर देखने को मिलेगी.
आने वाले दिनों में मौसम का हाल
20 मार्च के बाद दिल्ली-एनसीआर में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होने लगेगा. 21 मार्च को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन मौसम सामान्य बना रहेगा. इसके बाद 22 से 24 मार्च के बीच आसमान साफ से लेकर हल्के बादलों वाला रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. हालांकि 23 मार्च की सुबह के समय हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है, लेकिन इसका असर ज्यादा देर तक नहीं रहेगा. कुल मिलाकर 20 मार्च के एक्टिव मौसम के बाद अगले कुछ दिनों में मौसम स्थिर और सामान्य स्थिति में लौटता नजर आएगा.
ADVERTISEMENT


