दिल्ली में बनने जा रहे हैं 7.72 लाख नए राशन कार्ड, बिना इस एक डॉक्यूमेंट के रिजेक्ट हो जाएगा आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया

Delhi Ration Card Apply Online: दिल्ली में 13 साल बाद बनने जा रहे हैं 7.72 लाख नए राशन कार्ड. जानिए ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया, कौन-कौन से दस्तावेज हैं जरूरी, आय प्रमाण पत्र कैसे बनवाएं, क्या है नई आय सीमा और कैसे मिलेगा मुफ्त राशन व महिला समृद्धि योजना का लाभ. आवेदन में छोटी गलती भी कर सकती है आपका फॉर्म रिजेक्ट.

Delhi Ration Card
Delhi Ration Card

वैशाली

follow google news

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली सरकार ने पिछले 13 सालों से पेंडिंग राशन कार्ड के इंतजार को आखिरकार खत्म कर दिया है. दिल्ली में अब करीब 7,72,000 नए राशन कार्ड बनने जा रहे हैं. इस पूरी प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी बनाने के लिए इसे 100% डिजिटल यानी ऑनलाइन रखा गया है. 

Read more!

अगर आप भी इस योजना का लाभ उठाकर मुफ्त राशन पाना चाहते हैं और साथ ही महिला समृद्धि योजना के तहत हर महीने ₹2,000 का लाभ उठाना चाहते हैं, तो आपको एक बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज की जरूरत पड़ेगी. इस दस्तावेज के बिना आपका आवेदन तुरंत रिजेक्ट कर दिया जाएगा. यह जरूरी दस्तावेज है 'आय प्रमाण पत्र'. आइए जानते है कि कैसे बिना किसी सरकारी दफ्तर के चक्कर काटे, घर बैठे इस सबसे जरूरी सर्टिफिकेट को बनवाया जा सकता हैं.

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने से पहले आपके पास कुछ आवश्यक दस्तावेजों का होना बेहद जरूरी है. सबसे पहले आपको पहचान पत्र के रूप में वोटर आईडी कार्ड या पैन कार्ड की आवश्यकता होगी. इसके बाद निवास प्रमाण पत्र के तौर पर पिछले 3 महीने का दिल्ली का बिजली का बिल, पुराना राशन कार्ड या रेंट एग्रीमेंट मान्य होगा. इसके अलावा आवेदक को अपनी एक हालिया पासपोर्ट साइज फोटो भी तैयार रखनी होगी. 

आय के प्रमाण के लिए यदि आप नौकरी करते हैं तो सैलरी स्लिप, टैक्स भरते हैं तो ITR दे सकते हैं. यदि आपके पास इनमें से कुछ नहीं है, तो सबसे आसान तरीका आय का स्व-घोषणा पत्र है, जिसे आप पोर्टल से ही डाउनलोड कर, उस पर साइन करके अपलोड कर सकते हैं.

ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और लॉगिन

आय प्रमाण पत्र बनवाने की ऑनलाइन प्रक्रिया बहुत ही सरल है और इसे कुछ स्टेप्स में पूरा किया जा सकता है. सबसे पहले आपको दिल्ली सरकार की आधिकारिक वेबसाइट 'ई-डिस्ट्रिक्ट दिल्ली' (e-District Delhi) पर जाना होगा. वेबसाइट पर जाने के बाद वहां दिए गए 'सिटीजंस कॉर्नर' में 'न्यू यूजर' (New User) लिंक पर क्लिक करना होगा. यहां आप अपने पहचान पत्र का उपयोग करके अपना अकाउंट बना सकते हैं, जिसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक यूजर आईडी और पासवर्ड भेज दिया जाएगा. अकाउंट बनने के बाद अगले चरण में आपको इसी यूजर आईडी और पासवर्ड का उपयोग करके पोर्टल पर लॉगिन करना होगा.

सर्विस का चुनाव और फॉर्म भरने का तरीका

एक बार जब आप पोर्टल पर सफलतापूर्वक लॉगिन कर लेते हैं, तो आपको स्क्रीन पर ऊपर की तरफ दिए गए Apply Online सेक्शन पर जाना होगा. इसके बाद आपको 'अप्लाई फॉर सर्विसेज' के विकल्प को चुनना होगा. यहां आपको राजस्व विभाग यानी रेवेन्यू डिपार्टमेंट के तहत 'इश्यूएंस ऑफ इनकम सर्टिफिकेट' (Issuance of Income Certificate) का विकल्प दिखाई देगा, जिस पर आपको क्लिक करना है. 

इसके बाद सामने खुले फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और आय से जुड़ी सभी सही जानकारियां दर्ज करनी होंगी. जानकारी भरने के बाद अपने दस्तावेजों की स्कैन की हुई कॉपी पीडीएफ या जेपेग फॉर्मेट में अपलोड करनी होगी, जिसका साइज 200 KB से कम होना चाहिए. इसी के साथ साइन किया हुआ सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भी अटैच करना अनिवार्य है.

फीस भुगतान और सर्टिफिकेट डाउनलोड करने की अवधि

फॉर्म और सभी जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करने के बाद अंतिम चरण में आपको सिर्फ 15 से 20 रुपए का ऑनलाइन सर्विस शुल्क भुगतान करना होगा. जैसे ही आपका भुगतान सफल हो जाता है, स्क्रीन पर एक रसीद आ जाएगी, जिसे भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड या प्रिंट करके अपने पास रख लें. 

आवेदन जमा होने और उचित वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, महज 7 से 14 दिनों के भीतर आपका डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित आय प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी कर दिया जाएगा. इस सर्टिफिकेट को आप इसी ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से बेहद आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं. यह सर्टिफिकेट बनते ही आप नए राशन कार्ड के लिए तुरंत एलिजिबल हो जाएंगे.

सालाना आय सीमा को दोगुना करने की तैयारी

राशन कार्ड के इंतजार में बैठे दिल्ली वासियों के लिए सरकार की तरफ से एक और बड़ी खुशखबरी है. वर्तमान नियमों के अनुसार, दिल्ली में केवल वही परिवार राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं जिनकी सालाना पारिवारिक आय ₹1,25,000 तक है. हालांकि, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह बड़ा ऐलान किया है कि सरकार इस आय सीमा को दोगुना करने जा रही है. बहुत जल्द इस आय सीमा को ₹1,25,000 से बढ़ाकर ₹2,50,000 सालाना कर दिया जाएगा, जिससे मध्यमवर्गीय और अन्य जरूरतमंद परिवारों के दायरे को बड़ा किया जा सके. लेकिन ध्यान रहे कि जब तक इसकी आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हो जाती, तब तक वर्तमान आय सीमा के तहत ही नए आवेदनों को स्वीकार किया जाएगा.

यहां देखें वीडियो

 

    follow google news