अगर आप भी दिल्ली की डीटीसी (DTC) या क्लस्टर बसों में सफर करती हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है. राजधानी दिल्ली में बसों में महिलाओं को मिलने वाली मुफ्त 'पिंक टिकट' की सुविधा अब बहुत जल्द बंद होने जा रही है. अगर आपने अभी तक अपना सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है, तो इसे तुरंत बनवा लीजिए क्योंकि आने वाले दिनों में बसों में मुफ्त सफर के लिए यह स्मार्ट कार्ड पूरी तरह से अनिवार्य होने जा रहा है. इस कार्ड को बस में टैप करते ही महिलाएं अपने फ्री सफर की सुविधा का लाभ ले सकेंगी.
ADVERTISEMENT
31 जुलाई के बाद सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड होगा अनिवार्य
दिल्ली सरकार और परिवहन विभाग के मुताबिक, राजधानी में अब पर्याप्त संख्या में सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड बनाए जा चुके हैं. आंकड़ों की मानें तो मार्च से लेकर अब तक कुल 10 लाख से अधिक महिलाएं यह कार्ड बनवा चुकी हैं. हालांकि, ग्राउंड जीरो पर यह देखा गया है कि बसों में रोजाना सफर करने वाली औसतन 6 से 7 लाख महिलाओं में से केवल 15 से 20 प्रतिशत महिलाएं ही इस स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कर रही हैं, जबकि बाकी महिलाएं अभी भी पुरानी पिंक टिकट लेकर ही सफर कर रही हैं.
इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाया है और 31 जुलाई के बाद इस कार्ड को पूरी तरह से अनिवार्य करने का फैसला लिया है. सरकार ने 31 जुलाई तक का समय इसलिए तय किया है ताकि किसी भी महिला यात्री को अचानक कोई परेशानी ना हो. इस बीच डीटीसी भी महिलाओं को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चला रही है.
कार्ड बनवाने के लिए जरूरी नियम और शर्तें
इस सहेली पिंक स्मार्ट कार्ड को बनवाने के लिए सरकार ने कुछ नियम और शर्तें तय की हैं. आवेदन करने वाली महिला या लड़की की उम्र 12 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए. इसके साथ ही, दस्तावेज के रूप में आपके पास दिल्ली का मूल आधार कार्ड होना अनिवार्य है.
ध्यान देने वाली बात यह है कि वर्तमान में इस कार्ड के लिए कोई भी ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए महिलाओं को खुद केंद्र पर जाकर ही इसे बनवाना होगा. आपको बता दें कि दिल्ली में महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर की यह योजना साल 2019 में अरविंद केजरीवाल की सरकार द्वारा शुरू की गई थी. मौजूदा सरकार ने भी साल 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 450 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है.
राजधानी के 58 सेंटर्स पर बनाए जा रहे हैं स्मार्ट कार्ड
फिलहाल दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में कुल 58 सेंटर्स पर यह पिंक स्मार्ट कार्ड बनवाने का काम तेजी से चल रहा है और महिलाएं अपने नजदीकी बस डिपो पर जाकर इसे आसानी से बनवा सकती हैं. अगर आप पूर्वी क्षेत्र (East Zone) में रहते हैं, तो आप ईस्ट विनोद नगर, गाजीपुर, हसनपुर, राजघाट एक और दो के साथ-साथ नंद नगरी में अपना स्मार्ट कार्ड बनवा सकते हैं. उत्तरी क्षेत्र (North Zone) की महिलाएं जीटीके, नरेला, रोहिणी, बीबीएम डिपो, कोहाट एनक्लेव, रिठाला और कंझावला में जा सकती हैं.
वहीं अगर आप दक्षिणी क्षेत्र (South Zone) से हैं, तो अंबेडकर नगर, कालकाजी, श्रीनिवासपुरी, सरोजनी नगर, नेहरू प्लेस और ओखला बस डिपो पर जाकर अपना स्मार्ट कार्ड बनवा सकती हैं. इसके अलावा, पश्चिमी क्षेत्र (West Zone) की महिलाओं के लिए हरिनगर एक और दो, द्वारका सेक्टर दो, आठ और 22, दिचाऊं कलां, नांगलोई, पीरागढ़ी, मायापुरी, केशवपुरम और शादीपुर डिपो पर भी स्मार्ट कार्ड बनवाने की सुविधा उपलब्ध है.
ADVERTISEMENT


