Jantar Mantar Protest: दिल्ली में प्रदर्शन के नियम बदले, जंतर-मंतर की जगह अब इन 3 स्थलों को मिली मंजूरी

अंशुल सिंह

12 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 12 2026 1:43 PM)

Jantar Mantar Protest Order: दिल्ली पुलिस ने एक बड़ा स्टैंडिंग ऑर्डर जारी करते हुए जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के स्थान के रूप में डीनोटिफाई कर दिया है. 11 अक्टूबर 2026 के इस आदेश के तहत अब राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शनों और धरनों के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए गए हैं.

Jantar Mantar Protest Order
Jantar Mantar Protest Order
Google CTA

Jantar Mantar Protest Order: देश की राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों के सबसे प्रसिद्ध केंद्र जंतर-मंतर को लेकर एक बड़ा फैसला सामने आया है. दिल्ली पुलिस ने एक स्टैंडिंग ऑर्डर जारी कर जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल के रूप में डीनोटिफाई कर दिया है. इसका सीधा मतलब यह है कि अब जंतर-मंतर पर किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन या आंदोलन की अनुमति नहीं होगी.

Read more!

प्रदर्शन और आंदोलनों के लिए तीन नए स्थान तय

11 अक्टूबर 2026 की तारीख वाले इस नए आदेश के अनुसार, दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों और धरनों के आयोजन के लिए तीन नई जगहें तय की गई हैं:

  • रामलीला मैदान
  • बुरारी मैदान
  • सीबीडी ग्राउंड, पूर्वी दिल्ली 

अब भविष्य में दिल्ली में आयोजित होने वाले सभी राजनीतिक, सामाजिक या अन्य प्रदर्शन इन्हीं तीन निर्धारित स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे.

जल्द जारी होगी नई एसओपी (SOP)

दिल्ली पुलिस के आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन तीनों नए स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया यानी एसओपी (SOP) अलग से जारी की जाएगी. इस नई एसओपी के जरिए ही यह तय होगा कि आयोजकों को प्रदर्शन की अनुमति के लिए किन नियमों और शर्तों का पालन करना होगा.

पुलिस कमिश्नर ने संशोधित किया पुराना आदेश

यह नया स्टैंडिंग ऑर्डर दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार द्वारा हस्ताक्षरित किया गया है. इस आदेश के माध्यम से 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए पुराने स्टैंडिंग ऑर्डर में संशोधन किया गया है. पुराने नियमों में बदलाव करते हुए ही अब जंतर-मंतर की जगह तीन नए मैदानों को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल घोषित किया गया है.

यह भी पढ़ें: India Bloc Protest Live Updates: आज दोपहर 1:30 बजे दिल्ली में INDIA ब्लॉक का मार्च, राहुल गांधी ने लोगों से की ये अपील