दिल्ली में प्रदर्शन से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, 10 अक्टूबर को कई ट्रेनें रद्द; पटना से दिल्ली जाने वाली ये 4 गाड़ियां भी शामिल

न्यूज तक डेस्क

09 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 9 2026 1:16 PM)

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया है. पटना से दिल्ली जाने वाली तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति, मगध एक्सप्रेस और अमृत भारत एक्सप्रेस भी शामिल हैं. यात्रियों को ट्रेन का स्टेटस जांचने की सलाह दी गई है.

NewsTak
Google CTA

दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन का असर रेल यातायात पर भी पड़ने वाला है. नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द करने का फैसला लिया है. इसका असर बिहार से दिल्ली जाने वाले रेल यात्रियों पर भी पड़ेगा. पटना से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर होते हुए नई दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनें रद्द की गई हैं.

Read more!

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने वाली कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन रद्द रहेगा. यह फैसला प्रदर्शन के दौरान सड़क पर जाम और यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में होने वाली संभावित परेशानी को देखते हुए लिया गया है.

9 अक्टूबर दोपहर 2 बजे के बाद चलने वाली ट्रेनों पर असर

रेलवे के कंटीजेंसी प्लान के अनुसार, 9 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे के बाद अपने शुरुआती स्टेशन से रवाना होने वाली और 10 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन पहुंचने वाली मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को उनके शुरुआती स्टेशन से ही रद्द किया गया है.

खुफिया इनपुट और ट्रैफिक एडवाइजरी में मध्य दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन के कारण दोनों रेलवे स्टेशनों के आसपास भारी जाम की आशंका जताई गई है. रेलवे ने यात्रियों को संभावित परेशानी से बचाने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया है.

पटना से दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनें रद्द

चंदौली से मिली जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर पटना से नई दिल्ली जाने वाली चार ट्रेनों को रद्द किया गया है. ये ट्रेनें पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज और कानपुर के रास्ते नई दिल्ली पहुंचती हैं.

रद्द की गई ट्रेनों की डिटेल

1. 12309 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस
2. 12393 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस
3. 20801 इस्लामपुर-नई दिल्ली मगध एक्सप्रेस
4. 22361 राजेंद्र नगर-नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस

बनारस से दिल्ली जाने वाली शिवगंगा और सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी रद्द

उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए भी रेलवे से जुड़ा अहम अपडेट है. जारी सूचना के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को चलने वाली बनारस से नई दिल्ली की दो ट्रेनों का संचालन निरस्त रहेगा.

- 12559 बनारस-नई दिल्ली शिवगंगा एक्सप्रेस
- 12581 बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस

ये ट्रेनें भी रद्द

1. 12301 हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (HWH-NDLS Rajdhani) - 9 अक्टूबर 2026.
2. 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (SDAH-NDLS Rajdhani) - 9 अक्टूबर 2026.
3. 12877 रांची-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस (RNC-NDLS Garib Rath Express) - 9 अक्टूबर 2026.

यात्रियों के लिए जरूरी सलाह

अगर आप 10 अक्टूबर को नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से यात्रा करने वाले हैं, तो अपनी ट्रेन की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें. खासकर बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्री रद्द की गई चार ट्रेनों की जानकारी ध्यान में रखें.