दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड के नियमों में किए 2 बड़े बदलाव, राशन कार्ड के लिए बढ़ी आय सीमा तो CBDC से मिलेगा पैसा!

Delhi Ration Card News: दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड नियमों में 2 बड़े बदलाव किए हैं. अब राशन कार्ड बनवाने के लिए सालाना आय सीमा बढ़ाकर ₹2.5 लाख कर दी गई है, जिससे लाखों नए परिवार योजना का लाभ उठा सकेंगे. साथ ही राशन के बदले लाभार्थियों के बैंक खातों में CBDC यानी डिजिटल करेंसी ट्रांसफर की जाएगी, जिससे राशन वितरण में पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी.

Delhi Ration Card News
Delhi Ration Card News

न्यूज तक डेस्क

follow google news

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने राशन कार्ड धारकों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए दो बेहद बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. सरकार के इस कदम से न केवल दिल्ली के लाखों परिवारों को फायदा पहुंचेगा, बल्कि राशन वितरण प्रणाली में होने वाली धांधली पर भी पूरी तरह से लगाम लगाई जा सकेगी. 

Read more!

कैबिनेट की बैठक में लिए गए इन फैसलों की जानकारी देते हुए दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि अब दिल्ली में नए राशन कार्ड बनवाने के लिए सालाना आय की सीमा को ढाई गुना तक बढ़ा दिया गया है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इस योजना के दायरे में आ सकेंगे. इसके साथ ही, राशन के बदले अब सीधे लाभार्थियों के खातों में डिजिटल करेंसी के रूप में पैसा ट्रांसफर करने का प्रावधान किया जा रहा है.

राशन कार्ड के लिए सालाना आय सीमा बढ़कर हुई ₹2.5 लाख

दिल्ली सरकार ने कैबिनेट बैठक में फैसला लेते हुए आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए राशन कार्ड बनवाने की पात्रता के नियमों में बड़ा बदलाव किया है. इससे पहले दिल्ली के भीतर राशन कार्ड बनवाने के लिए सालाना आय की सीमा महज 1-1.20 लाख रुपये तय की गई थी. सरकार का मानना है कि आज के समय में एक परिवार की सालाना आमदनी सिर्फ एक लाख रुपये आंकना पूरी तरह से गलत है, क्योंकि यह राशि तो सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी से भी कम बैठती है.

इसी विसंगति को दूर करने के लिए कैबिनेट ने अब इस सीमा को बढ़ाकर सीधे 2.5 लाख रुपये करने का फैसला किया है. इस नए नियम के लागू होने के बाद, जिन परिवारों की सालाना आय ढाई लाख रुपये तक है, वे सभी नए राशन कार्ड बनवाने के लिए पात्र होंगे और उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन मुहैया कराया जाएगा.

सीधे बैंक खातों में आएगी डिजिटल करेंसी

सरकार की ओर से दूसरा सबसे बड़ा फैसला राशन वितरण में पारदर्शिता लाने और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए लिया गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार ने केंद्रीय बैंक की डिजिटल मुद्रा यानी सीबीडीसी (CBDC - Central Bank Digital Currency) के माध्यम से राशन कार्ड धारकों के खातों में सीधे पैसे ट्रांसफर करने का एक नया प्रोविजन तैयार करवाया है.

इस नई व्यवस्था के तहत सरकार राशन के बदले तय रकम को लाभार्थियों के खातों में डिजिटल करेंसी के रूप में डालेगी. इस कदम का मुख्य उद्देश्य राशन दुकानों पर होने वाली कम तौल की शिकायतों और अन्य धांधलियों को पूरी तरह से बंद करना है. डिजिटल पैसा सीधे खाते में आने से आम लोग अपनी सहूलियत और मर्जी के हिसाब से राशन खरीद सकेंगे.

दो चरणों में लागू होगी योजना, अपनी मर्जी से राशन खरीद सकेंगे लोग

सरकार के इस डिजिटल करेंसी प्लान को बेहद योजनाबद्ध तरीके से जमीन पर उतारा जाएगा. पहले चरण के तहत यह CBDC व्यवस्था सरकारी राशन की दुकानों के भीतर पूरी तरह से लागू और चालू की जाएगी. राशन कार्ड धारक अपने खाते में आई डिजिटल करेंसी का इस्तेमाल करके सरकारी राशन दुकान से अपनी जरूरत के अनुसार जितना चाहे उतना राशन खरीद सकेंगे. 

इसके बाद, योजना के दूसरे चरण में इस डिजिटल करेंसी को सामान्य प्राइवेट दुकानों पर भी इस्तेमाल करने की अनुमति दी जाएगी. इस पूरी व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि लाभार्थियों को अब राशन के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा, वे इस महीने या अगले महीने जब चाहें और जितनी राशि का चाहें, अपनी मर्जी से राशन ले सकेंगे.

यहां देखें वीडियो

 

    follow google news