दिल्ली वालों के लिए राहत की खबर! चुनाव आयोग ने बढ़ाई SIR की डेडलाइन, जानिए कब आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

न्यूज तक

• 05:21 PM • 06 Aug 2026

Delhi Voter List: दिल्ली के मतदाताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. चुनाव आयोग ने SIR अभियान की समयसीमा बढ़ा दी है. अब BLO 17 अगस्त 2026 तक घर-घर जाकर वोटर वेरिफिकेशन करेंगे. जानिए वोटर लिस्ट का पहला ड्राफ्ट कब जारी होगा, नाम जोड़ने या सुधार कराने की नई अंतिम तारीख क्या है और 27 अक्टूबर 2026 को फाइनल वोटर लिस्ट कैसे जारी की जाएगी.

Delhi Voter List
Delhi Voter List
Google CTA

दिल्ली में मतदाता सूची को अपडेट और दुरुस्त करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को नया फरमान जारी किया है. दिल्ली में चलाए जा रहे स्पेशल समरी रिवीजन (SIR) कार्यक्रम के तहत घर-घर जाकर वेरिफिकेशन करने और फॉर्म जमा करने की तारीख में बदलाव किया गया है. आयोग ने दिल्ली के नागरिकों को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने, जांच करने और त्रुटियों को सुधारने का एक और मौका दिया है.

Read more!

BLO के घर आने की तारीख में हुआ बदलाव

इससे पहले बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर वेरिफिकेशन करने और फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख 8 अगस्त तय की गई थी. चुनाव आयोग ने अब इसे बढ़ाकर 17 अगस्त कर दिया है. यानी अब बीएलओ 17 अगस्त तक आपके घर आकर वेरिफिकेशन का काम करेंगे. इसके साथ ही पोलिंग बूथों के पुनर्गठन और चेकिंग का काम भी 17 अगस्त तक ही पूरा किया जाएगा.

24 अगस्त को जारी होगा वोटर लिस्ट का पहला ड्राफ्ट

घर-घर चेकिंग का काम पूरा होने के बाद दिल्ली की नई वोटर लिस्ट का पहला ड्राफ्ट 24 अगस्त को सार्वजनिक किया जाएगा. इससे पहले यह ड्राफ्ट लिस्ट 5 अगस्त को आनी थी, जिसके बाद इसे बढ़ाकर 17 अगस्त किया गया और अब अंतिम तारीख 24 अगस्त तय कर दी गई है. इस ड्राफ्ट लिस्ट में नागरिक यह चेक कर सकेंगे कि उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल है या नहीं.

सुधार और दावे दर्ज कराने के लिए मिलेगा पूरा एक महीना

यदि 24 अगस्त को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में आपका नाम नहीं होता है, नाम की स्पेलिंग में गड़बड़ी है या फिर पता बदलना है, तो इसके लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं है. इलेक्शन कमीशन नागरिकों को अपनी आपत्ति दर्ज कराने या नए नाम के लिए फॉर्म भरने हेतु 24 अगस्त से 23 सितंबर तक यानी पूरा एक महीने का समय देगा. इसके बाद प्राप्त सभी आवेदनों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया 22 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी.

27 अक्टूबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट

तमाम करेक्शन, आवेदनों की जांच और सुनवाई पूरी होने के बाद 27 अक्टूबर को दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी जाएगी. निर्वाचन आयोग के अतिरिक्त सचिव संदीप कुमार ने सख्त हिदायत जारी की है कि इस पूरे नए टाइमलाइन और शेड्यूल की लिखित जानकारी दिल्ली की सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक पार्टियों को दी जाए. साथ ही सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों से यह जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं.

यहां देखें वीडियो

SIR फॉर्म भरने में 2002-03 की डिटेल निकालने में आ रही परेशानी? जानिए मोबाइल से ऑनलाइन खोजने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका