राजधानी दिल्ली के तिगड़ी थाना क्षेत्र से पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां घर में सब्जी बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को गोली मार दी. गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान 30 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है. वह अपने पति कमलेश के साथ संगम विहार इलाके में रहती थी. दोनों करीब छह महीने पहले ही इस इलाके में रहने आए थे.
विवाद के दौरान निकाला देसी कट्टा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शुक्रवार शाम पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर कहासुनी हुई थी. इसी दौरान कमलेश ने कथित तौर पर देसी कट्टा निकाल लिया. पुलिस के अनुसार वह उस समय शराब के नशे में था. आरोप है कि उसने पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग कर दी. गोली पूनम के पेट में लगी. इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, उसकी जान नहीं बच सकी.
लोगों को गुमराह करने की कोशिश का आरोप
वारदात के बाद कमलेश ने कथित तौर पर आसपास के लोगों को यह बताने की कोशिश की कि पूनम ने खुद को गोली मारी है. लेकिन पड़ोसियों को उसकी बात पर भरोसा नहीं हुआ. लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलने के बाद तिगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कमलेश को हिरासत में ले लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल देसी कट्टा भी बरामद किया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
दिल्ली पुलिस के साउथ डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को सुबह करीब 8 बजे तिगड़ी थाने में एक महिला को गोली लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस को पूनम घायल हालत में मिली थी. उसके पेट में गोली लगी थी. पुलिस ने आरोपी कमलेश को मौके से ही पकड़ लिया. हथियार भी सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है. इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गोली चलने की पूरी परिस्थितियों की जांच की जा रही है. पूनम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात से शुरू हुआ और फायरिंग की घटना किन परिस्थितियों में हुई.
दिल्ली की रेखा सरकार का ASHA वर्कर्स को बड़ा तोहफा, मासिक इंसेंटिव हुआ दोगुना
ADVERTISEMENT


