Delhi Traffic Advisory: अगर आप भी दिल्ली में रहते हैं या रोजाना काम के सिलसिले में राजधानी की सड़कों पर सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित 'भारत मंडपम' में 14 से 27 नवंबर तक 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (India International Trade Fair) का आयोजन किया जा रहा है. इस महा-मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सैलानियों के सैलाब को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक सख्त ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि शहर के लोगों को भीषण जाम का सामना न करना पड़े.
ADVERTISEMENT
इन सात प्रमुख सड़कों पर रहेगा भारी ट्रैफिक दबाव
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, व्यापार मेले के दौरान 27 नवंबर तक राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का भारी दबाव देखने को मिलेगा. ऐसे में जिन लोगों को व्यापार मेले में नहीं जाना है, उन्हें इन रास्तों से बचने की सलाह दी गई है:
- मथुरा रोड (अशोक रोड से बदरपुर की ओर)
- भैरों मार्ग
- रिंग रोड (सराय काले खां से आईपी फ्लाईओवर की ओर)
- शेरशाह रोड
- पुराना किला रोड
- भगवान दास रोड
- तिलक मार्ग
पुलिस ने साफ निर्देश दिए हैं कि जाम से बचने के लिए आम यात्री और वाहन चालक इन रास्तों के बजाय वैकल्पिक मार्गों का चयन करें. इसके अलावा, मथुरा रोड और भैरों मार्ग पर किसी भी वाहन को रोकने या पार्क करने की सख्त मनाही है.
मेले में जाने वालों के लिए एंट्री और टिकट के नियम
अगर आप खुद परिवार या दोस्तों के साथ व्यापार मेले में जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ट्रैफिक और एंट्री से जुड़े इन नियमों को जरूर जान लें:
- बिजनेस विजिटर्स: 14 से 18 नवंबर तक सुबह 9:30 बजे से शाम 7:30 बजे के बीच बिजनेस विजिटर्स के लिए गेट नंबर 3, 4, 6 और 10 से एंट्री तय की गई है.
- आम दर्शक: आम और पैदल आने वाले दर्शकों के लिए गेट नंबर 1, 4, 6 और 10 से प्रवेश मिलेगा, जबकि बाहर निकलने के लिए गेट नंबर 1, 4, 7, 9 और 10 का इस्तेमाल किया जा सकता है.
- मेट्रो टिकट नियम: मेले के टिकट ऑनलाइन और दिल्ली के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध हैं. हालांकि, भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुप्रिम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर टिकटों की बिक्री नहीं की जाएगी.
पार्किंग और पिकअप-ड्रॉप के लिए खास व्यवस्था
आईटीपीओ परिसर के अंदर किसी भी निजी वाहन की पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी. वाहन चालकों के लिए भैरों मंदिर पार्किंग, भारत मंडपम बेसमेंट और प्रगति सुरंग के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा, कैब और ऑटो से आने वाले यात्रियों के लिए भैरों मार्ग के दोनों तरफ 25 पिकअप-ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं. चालकों को हिदायत दी गई है कि वे एग्जिट गेट के पास गाड़ी खड़ी करके इंतजार न करें. किसी भी असुविधा या मदद के लिए नागरिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: Greater Noida West Metro: इन 5 स्टेशनों के आसपास आसमान छूने वाली हैं प्रॉपर्टी की कीमतें, जानिए पूरी डिटेल
ADVERTISEMENT


