11 साल का लंबा इंतजार खत्म! यमुना पर बनकर तैयार हुआ नया फ्लाईओवर, अब AIIMS से मयूर विहार का सफर होगा मिनटों में

दिल्ली के मयूर विहार से एम्स (AIIMS) को जोड़ने वाले बारापुला फेज-3 फ्लाईओवर का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. जुलाई मध्य तक इस नए पुल के चालू होने से दोनों क्षेत्रों के बीच का सफर बेहद सुगम हो जाएगा.

यमुना पर बनकर तैयार हुआ फ्लाइओवर
यमुना पर बनकर तैयार हुआ फ्लाइओवर

आशुतोष कुमार

follow google news

राजधानी दिल्ली वासियों को जल्द ही जाम से एक बड़ी राहत और रफ्तार की नई सौगात मिलने वाली है. यमुना नदी पर बन रहे 'बारापुला फेज-3 प्रोजेक्ट' (Barapullah Phase 3) का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है. इस पुल के पूरी तरह चालू हो जाने के बाद दक्षिणी दिल्ली (South Delhi) और पूर्वी दिल्ली (East Delhi) के बीच की दूरी बेहद कम हो जाएगी, जिससे लोग एम्स (AIIMS) से मयूर विहार का सफर महज 15 मिनट में तय कर सकेंगे.

Read more!

जुलाई मध्य तक जनता को समर्पित होगा नया पुल

दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा तैयार किए जा रहे इस बड़े प्रोजेक्ट की डेडलाइन 30 जून तय की गई थी. 22 जून को दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा की मौजूदगी में इस पुल का आखिरी स्लैब रखा गया, जिसके बाद दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं. अब पुल पर फिनिशिंग, रंग-रोगन और स्ट्रीट लाइट लगाने जैसे आखिरी दौर के काम चल रहे हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी जुलाई के मध्य (Mid-July) तक इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा.

11 साल का लंबा इंतजार अब होगा खत्म

इस महाप्रोजेक्ट को साल 2015 में मंजूरी मिली थी, लेकिन विभिन्न तकनीकी दिक्कतों, जमीनी अड़चनों और क्लीयरेंस न मिलने के कारण यह काम करीब 11 सालों से लटका हुआ था. दिल्ली में बनी नई सरकार के आने के बाद पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने खुद कई बार इस साइट का दौरा किया और अड़चनों को दूर कर निर्माण कार्य में तेजी लाई. अब यह बहुप्रतीक्षित पुल पूरी तरह आकार ले चुका है.

पूरी तरह 'सिग्नल फ्री' होगा सफर, जानें इसकी खासियतें:

  • लंबाई और दूरी: यह नया फ्लाईओवर करीब 3.5 किलोमीटर लंबा है. इसके जरिए मयूर विहार से एम्स के बीच का करीब 9 किलोमीटर का सफर बेहद सुगम हो जाएगा.
  • सिग्नल फ्री रूट: इस पुल के चालू होने के बाद पूर्वी दिल्ली से दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने वाला पूरा रास्ता पूरी तरह से सिग्नल फ्री हो जाएगा.
  • जाम से बड़ी राहत: वर्तमान में ईस्ट दिल्ली से एम्स या साउथ दिल्ली जाने वाले लोगों को सराय काले खां, अक्षरधाम पुल या डीएनडी (DND) के भारी जाम से जूझना पड़ता है. इस पुल के बनने से अक्षरधाम और डीएनडी जैसे रास्तों पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को जाम से निजात मिलेगी.

लाखों वाहन चालकों के लिए यह पुल मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि ईंधन का खर्च भी कम होगा.

 

    follow google news