दिल्ली में संभलकर चलाएं गाड़ी! इस साल अब तक 16 लाख से अधिक वाहनों का हुआ चालान, जानें किस गलती पर कितना लगा जुर्माना

वैशाली

• 01:47 PM • 19 Aug 2026

Delhi Traffic Challan 2026: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में सड़क हादसों को रोकने के लिए 125 नए OSVD कैमरे तैनात किए हैं. अब बिना इंडिकेटर दिए लेन बदलने, बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने और बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों के चालान सीधे मोबाइल पर भेजे जा रहे हैं. नियम तोड़ने पर ₹500 से ₹1000 जुर्माना लगेगा.

दिल्ली में संभलकर चलाएं गाड़ी!
दिल्ली में संभलकर चलाएं गाड़ी!
Google CTA

Delhi E Challan Rules: यदि आप भी राजधानी दिल्ली की सड़कों पर वाहन चलाते हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है. अब दिल्ली की सड़कों पर बिना सीट बेल्ट लगाए, बिना हेलमेट पहने या बिना इंडिकेटर दिए अचानक लेन बदलने पर सीधे आपकी जेब ढीली होगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की 'तीसरी आंख' यानी हाईटेक और स्मार्ट कैमरे हर एक गाड़ी पर पैनी नजर रखे हुए हैं. अब सड़क पर पुलिसकर्मी मुस्तैद हों या न हों, ये कैमरे आपकी गलती पकड़कर सीधे आपके मोबाइल पर ई-चालान का मैसेज भेज रहे हैं.

Read more!

सड़कों पर लगाए गए 125 नए OSVD कैमरे

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त आयुक्त विजयंता गोयल आर्य के मुताबिक, सड़कों पर होने वाले हादसों को कम करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए राजधानी में 125 नए OSVD (ओवरस्पीड वॉयलेशन डिटेक्शन) कैमरे तैनात किए गए हैं. इससे पहले मार्च 2021 तक दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर 125 OSVD और 203 RLVD (रेड लाइट वॉयलेशन डिटेक्शन) कैमरे लगाए जा चुके थे, जो अब पूरी तरह एक्शन में हैं.

बिना इंडिकेटर दिए लेन बदलने पर ₹500 से ₹1000 जुर्माना

ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, बीते 4 महीनों में 20,000 से ज्यादा ऐसे चालकों के चालान काटे गए हैं, जिन्होंने बिना इंडिकेटर दिए लेन बदली या तय लेन से बाहर गाड़ी चलाई. बिना इंडिकेटर या लेन अनुशासन तोड़ने पर ₹500 से लेकर ₹1000 तक का जुर्माना लगाया जा रहा है.

ई-चालान के चौंकाने वाले आंकड़े:

ओवरस्पीडिंग: इस साल अब तक तय गति सीमा से अधिक रफ्तार में गाड़ी दौड़ाने वाले 16,79,596 वाहनों का चालान किया जा चुका है.
रेड लाइट जंप: लाल बत्ती पार करने वाले 1,56,528 वाहनों के चालान कटे हैं.
बिना सीट बेल्ट: 10 अगस्त तक बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने वाले 13,405 से अधिक चालकों का चालान हो चुका है. रोजाना औसतन 103 चालान बिना सीट बेल्ट के कट रहे हैं.
बिना हेलमेट: बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 3,441 चालकों का चालान हुआ है, जहां रोजाना औसतन 25 चालान दर्ज हो रहे हैं.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने चालकों से अपील की है कि वे सड़कों पर चलते समय यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें, ताकि वे स्वयं व उनका परिवार सुरक्षित रहे और भारी-भरकम चालान से बच सकें.


यह भी पढ़ें: मेट्रो में आपकी बिना इजाजत फोटो खींची गई? घबराएं नहीं, जानें तुरंत किससे संपर्क करना है और शिकायत का पूरा तरीका