देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर रसूख और रफ्तार का नशा इस कदर हावी हो चुका है कि अब ड्यूटी पर मुस्तैद खाकी वर्दी भी सुरक्षित नहीं है. दक्षिण पूर्व दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके से एक ऐसी ही दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां एक बेखौफ कार सवार ने ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को अपनी कार से कुचलने की कोशिश की. टक्कर इतनी जोरदार थी कि हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
गलत दिशा से आ रही कार को रोकने का मिला यह अंजाम
यह सनसनीखेज वारदात बुधवार की सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है. न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके के सराय जुलेना रेड लाइट पर रोजाना की तरह दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जवान मुस्तैद थे और अपना फर्ज निभा रहे थे. इसी दौरान रॉन्ग साइड से एक तेज रफ्तार काले रंग की SUV आती दिखाई दी.
ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल राहुल कुमार ने जब इस लापरवाही और नियम उल्लंघन को देखकर गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो ड्राइवर ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और ज्यादा बढ़ा दी. बेखौफ ड्राइवर ने सीधे हेड कांस्टेबल राहुल को अपनी गाड़ी से जोरदार टक्कर मार दी.
हवा में उछलकर गिरे हेड कांस्टेबल, साथी बाल-बाल बचे
काली एसयूवी द्वारा मारी गई टक्कर इतनी भयानक थी कि हेड कांस्टेबल राहुल कुमार हवा में भी उछलकर काफी दूर जा गिरे. इस खौफनाक मंजर के दौरान मौके पर ही मुस्तैद उनके दो अन्य साथी कर्मचारी हेड कांस्टेबल साद बाबू खान और असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) असलम खान बाल-बाल बच गए. वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी चालक अपनी तेज रफ्तार गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया. घायल राहुल को मौके पर मौजूद सहयोगियों ने तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है.
पीड़ित पुलिसकर्मी ने सुनाई अस्पताल के बेड से आपबीती
अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी और चोटों के दर्द से जूझ रहे पीड़ित हेड कांस्टेबल राहुल ने खुद अपनी आपबीती सुनाई है. उन्होंने बताया कि सुबह के वक्त वह सराय जुलेना रेड लाइट पर ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अचानक एक रॉन्ग साइड से आती कार को देखकर उन्होंने रुकने का इशारा किया था. कार सवार ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार और तेज कर दी और सीधे उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाकर कुचलने की कोशिश की.
राहुल ने बताया कि उनके दोनों घुटनों में गंभीर चोटें आई हैं, हाथ चोटिल हैं और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में काफी तेज दर्द है. उन्होंने यह भी कहा कि जिस तरह से आरोपी पुलिस को टक्कर मारकर भागा, उससे साफ है कि वह कोई बड़ा बदमाश था. इस हादसे में उनकी जान बच गई, यह सिर्फ उनकी किस्मत थी.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश तेज
फोर्टिस अस्पताल से मिली जानकारी के आधार पर न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई. पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल राहुल का बयान दर्ज कर आरोपी ड्राइवर के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. दिल्ली पुलिस ने नए कानून यानी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं के के साथ-साथ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस की कई टीमें इस बेखौफ आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं. इसके साथ ही वाहन के रूट और उसकी गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए टेक्निकल सर्विलेंस की भी मदद ली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि गाड़ी की पहचान बहुत जल्द कर ली जाएगी और कानून को खुली चुनौती देने वाला आरोपी ड्राइवर सलाखों के पीछे होगा.
ADVERTISEMENT


